गोरखपुर जंक्शन के पुनर्विकास कार्यों में तेजी के निर्देश, महाप्रबन्धक ने किया गहन निरीक्षण

मल्टी-लेवल पार्किंग, वाणिज्यिक ब्लॉक और निर्माणाधीन मैकेनाइज्ड लॉन्ड्री की प्रगति का लिया जायजा

मल्टी-लेवल पार्किंग, वाणिज्यिक ब्लॉक और निर्माणाधीन मैकेनाइज्ड लॉन्ड्री की प्रगति का लिया जायजा

गोरखपुर। पूर्वोत्तर रेलवे के महाप्रबन्धक उदय बोरवणकर ने मंगलवार को गोरखपुर जंक्शन स्टेशन के पुनर्विकास कार्यों का गहन निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने मुख्य प्रशासनिक अधिकारी/निर्माण अनुज मित्तल एवं निर्माण विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ मल्टी-लेवल पार्किंग, निर्माणाधीन वाणिज्यिक ब्लॉक, अन्य भवनों तथा स्टेशन के दक्षिण-पश्चिम ब्लॉक का निरीक्षण किया।
महाप्रबन्धक ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि स्टेशन पुनर्विकास से जुड़े सभी कार्य सुरक्षा मानकों और स्वीकृत ड्राइंग के अनुरूप उच्च गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय सीमा में तेजी से पूर्ण किए जाएं। उन्होंने गोरखपुर जंक्शन के मास्टर प्लान का भी अवलोकन कर संबंधित अधिकारियों से विभिन्न निर्माण कार्यों की विस्तृत जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान श्री बोरवणकर ने मल्टी-लेवल पार्किंग की व्यवस्था, स्टेशन परिसर की स्वच्छता, निर्माणाधीन वाणिज्यिक ब्लॉक एवं अन्य भवनों में बनाए जा रहे रैम्प सहित विभिन्न कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने निर्माण कार्यों में गुणवत्ता, सुरक्षा और समयबद्धता को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर विशेष जोर दिया।


इसके बाद महाप्रबन्धक ने जटेपुर रेलवे कॉलोनी स्थित न्यू कोचिंग कॉम्प्लेक्स के निकट निर्माणाधीन मैकेनाइज्ड लॉन्ड्री का निरीक्षण किया। उन्होंने लॉन्ड्री भवन की संरचना, वी.डी.सी. एवं डक्ट कार्य, पानी की व्यवस्था, टैंक की क्षमता, मशीन शिफ्टिंग, ड्रेनेज कनेक्शन, फेब्रिकेशन सहित अन्य निर्माण कार्यों की प्रगति का अवलोकन किया।
महाप्रबन्धक ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक सुझाव देते हुए मैकेनाइज्ड लॉन्ड्री सहित सभी निर्माणाधीन परियोजनाओं को निर्धारित समय में गुणवत्ता एवं सुरक्षा मानकों के साथ पूरा करने के निर्देश दिए।

Related Articles

Back to top button