एएचटी और विशेष किशोर पुलिस इकाई की मासिक समीक्षा बैठक आयोजित
श्रावस्ती ब्यूरो की रिपोर्ट
श्रावस्ती। पुलिस अधीक्षक राहुल भाटी के निर्देशन में अपर पुलिस अधीक्षक चंद्रकेश सिंह की अध्यक्षता में पुलिस अधीक्षक कार्यालय सभागार में थाना एएचटी एवं विशेष किशोर पुलिस इकाई की मासिक समीक्षा एवं समन्वय बैठक आयोजित की गई।
बैठक में बालश्रम, बाल विवाह, बाल भिक्षावृत्ति, बाल गुमशुदगी और पॉक्सो एक्ट से जुड़े मामलों की रोकथाम एवं बाल पुनर्वास को लेकर चर्चा की गई। अपर पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों और कर्मचारियों से फीडबैक लेते हुए संवेदनशील मामलों में त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।
उन्होंने सभी बाल कल्याण पुलिस अधिकारियों को गांवों में जाकर चौपाल लगाने और लोगों को बाल विवाह के दुष्परिणामों तथा शासन की बाल संरक्षण योजनाओं के प्रति जागरूक करने के निर्देश दिए। ग्राम प्रधानों एवं संभ्रांत लोगों से बाल विवाह की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस और बाल कल्याण समिति को सूचना देने की अपील करने को कहा गया।
बैठक में बाल संरक्षण से जुड़ी संस्थाओं और सामाजिक संगठनों के साथ समन्वय स्थापित कर संयुक्त अभियान चलाने तथा पीड़ित बच्चों को सरकारी योजनाओं से जोड़ने पर भी जोर दिया गया। बैठक में एएचटी प्रभारी लाल साहब सिंह, एसएसबी निरीक्षक राहुल, उपनिरीक्षक रणविजय सिंह समेत बाल कल्याण समिति, बाल संरक्षण इकाई और विभिन्न सामाजिक संस्थाओं के पदाधिकारी मौजूद रहे।



