चोरी का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार, टुल्लू पंप बरामद, जयसिंहपुर पुलिस की कार्रवाई

जयसिंहपुर, सुलतानपुर। थाना जयसिंहपुर पुलिस ने चोरी की एक घटना का सफल अनावरण करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से चोरी गया किर्लोसकर कंपनी का पानी वाला टुल्लू पंप भी बरामद किया है।
जानकारी के अनुसार ग्राम अमोहे भभोट निवासी शिवबहादुर दूबे के मकान में लगा पानी का मोटर चोरी हो गया था। मामले में 31 अगस्त को तहरीर मिलने के बाद थाना जयसिंहपुर में मुकदमा दर्ज किया गया था। विवेचना और सुरागरसी के दौरान प्रकाश में आए आरोपियों को पुलिस टीम ने गिरफ्तार कर चोरी का मोटर बरामद कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दिवाकर पुत्र रामशब्द, निवासी अमोहे भभोट, उम्र करीब 25 वर्ष तथा सौरभ पुत्र रामसेवक वर्मा, निवासी सतैनिया भभोट, उम्र करीब 20 वर्ष के रूप में हुई है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय के समक्ष भेज दिया। गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक प्रेम नरायन राजपूत, उपनिरीक्षक राजेश सिंह, हेड कांस्टेबल सुनील कुमार एवं कांस्टेबल अरूराज यादव शामिल रहे।




