बहराइच में किशोरियों के नेतृत्व और सशक्तिकरण के लिए मिलान संस्था की पहल, वित्तीय साक्षरता कार्यक्रम का आयोजन
चित्तौरा, बहराइच। मिलान संस्था, महिला एवं बाल विकास विभाग के साथ साझेदारी में उत्तर प्रदेश के बहराइच, श्रावस्ती और बलरामपुर जिलों में किशोरियों के नेतृत्व, जीवन कौशल और सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के लिए कार्य कर रही है। इस साझेदारी के तहत किशोरियों के समूहों को मजबूत करने, उनके नेतृत्व को विकसित करने और उन्हें जरूरी जानकारी, अवसर एवं सरकारी सेवाओं से जोड़ने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
इसी व्यापक प्रयास के अंतर्गत भारतपे कंपनी के सहयोग से आज, 2 सितंबर 2026 को बहराइच जिले के चित्तौरा ब्लॉक सभागार में वित्तीय साक्षरता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य किशोरियों को बचत, बैंकिंग सेवाओं, डिजिटल लेनदेन, साइबर सुरक्षा और वित्तीय निर्णयों से जुड़ी जरूरी जानकारी देना था, ताकि वे वित्तीय मामलों को बेहतर ढंग से समझ सकें और आत्मविश्वास के साथ निर्णय ले सकें।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। कार्यक्रम में खंड विकास अधिकारी अनुष्का श्रीवास्तव, लीड जिला प्रबंधक जितेन्द्र कुमार, एफएलसी से सुशील कुमार, आरकेएसके के जिला कार्यक्रम प्रबंधक राकेश, बाल विकास परियोजना अधिकारी अनुज कुमार सहित स्वास्थ्य एवं अन्य विभागों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों एवं विभागीय प्रतिनिधियों ने सुरक्षित डिजिटल लेनदेन, साइबर फ्रॉड से बचाव, बचत और बैंकिंग सेवाओं से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी साझा की। कार्यक्रम में उपस्थित वयस्क प्रतिभागियों को प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, अटल पेंशन योजना और राष्ट्रीय पेंशन योजना जैसी विभिन्न वित्तीय एवं सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के बारे में भी जानकारी दी गई।
कार्यक्रम की खास बात किशोरियों की सक्रिय भागीदारी रही। किशोरियों ने साइबर क्राइम, डिजिटल लेनदेन, बैंकिंग और वित्तीय सुरक्षा से जुड़े कई सवाल सीधे अधिकारियों से पूछे। अधिकारियों ने उनके सवालों के जवाब दिए और सुरक्षित वित्तीय व्यवहार से जुड़ी व्यावहारिक जानकारी भी साझा की।
इस अवसर पर भारतपे के सहयोग से चयनित आंगनवाड़ी केंद्रों के लिए खेल सामग्री भी प्रदान की गई। इसका उद्देश्य आंगनवाड़ी केंद्रों पर किशोरियों के लिए गतिविधियों को अधिक सहभागी और रोचक बनाना तथा उन्हें समूह में जुड़ने, खेलने और सीखने के अधिक अवसर उपलब्ध कराना है।
मिलान से जुड़ी किशोरियों, आशा संगिनी, आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों, फैसिलिटेटर्स और मिलान संस्था की टीम सहित लगभग 110 प्रतिभागियों ने इसमें भाग लिया।
यह कार्यक्रम बहराइच में मिलान संस्था के चल रहे व्यापक प्रयासों का हिस्सा है। महिला एवं बाल विकास विभाग के साथ मिलकर संस्था किशोरियों के समूहों और उनके नेतृत्व को मजबूत करने के साथ-साथ उन्हें जीवन कौशल, वित्तीय जागरूकता और जरूरी सरकारी सेवाओं एवं योजनाओं से जोड़ने पर काम कर रही है। भारतपे का सहयोग किशोरियों के लिए वित्तीय साक्षरता और सीखने के अवसरों को मजबूत करने में मदद कर रहा है।
कार्यक्रम के अंत में प्रतिभागियों ने प्राप्त जानकारी को अपने जीवन में अपनाने और इसे अपने समुदाय की अन्य किशोरियों एवं महिलाओं तक पहुंचाने का संकल्प लिया। इस अवसर पर एप्सा, नेहा, शैलजा शुक्ला, अनुपम अवस्थी ब्लॉक प्रोग्राम कोऑर्डिनेटर श्रुति मौर्या, आलोक मौर्या, आनन्द, प्रतीक्षा, प्रिया सिंह, हरिओम, अमित मिश्रा, अल्का, अंकिता, आंचल, फील्ड फैसिलिटेटर तथा गर्ल आई कान किशोरियों की उपस्थित रही



