सिंगरौली एसटीपीएस में दो दिवसीय वेंडर डेवलपमेंट प्रोग्राम का समापन एवं प्रमाण-पत्र वितरण समारोह आयोजित

सिंगरौली, 03 सितम्बर 2026।सिंगरौली एसटीपीएस में आयोजित दो दिवसीय वेंडर डेवलपमेंट प्रोग्राम (VDP) का आज सफलतापूर्वक समापन हुआ। कार्यक्रम का उद्देश्य सूक्ष्म एवं लघु उद्यमों (MSEs) को बड़े सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों के साथ व्यवसायिक अवसरों से जोड़ना तथा सरकारी खरीद नीति एवं विभिन्न योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराना था।कार्यक्रम के दौरान 21 प्रदर्शनी स्टॉल लगाए गए, जिनके माध्यम से विभिन्न उत्पादों एवं सेवाओं का प्रदर्शन किया गया। दो दिनों में लगभग 175 सूक्ष्म एवं लघु उद्यमियों तथा अन्य प्रतिभागियों ने कार्यक्रम एवं प्रदर्शनी का अवलोकन किया और संबंधित संस्थानों एवं उद्यमियों से व्यवसायिक संभावनाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की।कार्यक्रम में MSME हेतु सार्वजनिक खरीद नीति (Public Procurement Policy), सरकारी खरीद में MSEs की भागीदारी तथा MSME क्षेत्र से संबंधित विभिन्न सरकारी योजनाओं एवं सुविधाओं पर विशेषज्ञों द्वारा प्रस्तुतीकरण दिए गए। प्रतिभागियों की जिज्ञासाओं एवं व्यावहारिक समस्याओं के समाधान के लिए प्रश्नोत्तर (Q&A) सत्र भी आयोजित किया गया, जिसमें विशेषज्ञों द्वारा विस्तार से जानकारी प्रदान की गई।समापन समारोह में विभिन्न प्रतिभागी PSUs, सरकारी विभागों/विकास संस्थानों तथा प्रदर्शनी में शामिल उद्यमियों एवं प्रदर्शकों के प्रति आभार व्यक्त किया गया। वक्ताओं ने कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम MSMEs को बड़े उद्योगों एवं सरकारी खरीद व्यवस्था से जोड़ने, नए व्यावसायिक अवसर उपलब्ध कराने तथा आत्मनिर्भर एवं प्रतिस्पर्धी उद्यमिता को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।समापन अवसर पर प्रतिभागी उद्यमियों को प्रमाण-पत्र वितरित किए गए। कार्यक्रम के सफल आयोजन में सहयोग एवं सहभागिता के लिए सभी संबंधित PSUs, सरकारी विभागों एवं विकास संस्थानों, MSEs तथा प्रदर्शकों को धन्यवाद ज्ञापित किया गया।




