चितौरा गांव में धूमधाम से मनाई गई श्रीकृष्ण जन्माष्टमी, मटकी फोड़ प्रतियोगिता में दिखा उत्साह

फतेहपुर।
मलवां विकासखंड के चितौरा ग्राम सभा में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर जय श्री कृष्णा कमेटी के तत्वावधान में मटकी फोड़ कार्यक्रम का आयोजन धूमधाम से किया गया। कमेटी द्वारा यह आयोजन पिछले कई वर्षों से लगातार कराया जा रहा है, जिसमें गांव के लोगों की बढ़-चढ़कर सहभागिता रहती है।
कार्यक्रम की शुरुआत राधा-कृष्ण की मनमोहक झांकी के साथ हुई। झांकी को पूरे गांव में भ्रमण कराया गया। जगह-जगह ग्रामीणों ने राधा-कृष्ण की झांकी का दर्शन कर आरती एवं पूजा-अर्चना की। इस दौरान पूरा गांव भक्तिमय वातावरण में डूबा नजर आया। श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीकृष्ण के जयकारे लगाए। झांकी भ्रमण के उपरांत कृष्ण भक्तों द्वारा परंपरागत मटकी फोड़ कार्यक्रम आयोजित किया गया। मटकी फोड़ने के लिए युवाओं की टोली ने उत्साह के साथ प्रयास किया। कार्यक्रम को देखने के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्र रहे और प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया। मटकी फोड़ने वाले प्रतिभागियों को कमेटी की ओर से 1100 रुपये का पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
आयोजकों ने बताया कि जन्माष्टमी के अवसर पर होने वाला यह आयोजन गांव में धार्मिक आस्था के साथ-साथ आपसी भाईचारे और सामाजिक एकता का संदेश भी देता है। हर वर्ष ग्रामीणों के सहयोग से कार्यक्रम को भव्य रूप देने का प्रयास किया जाता है।
इस अवसर पर राजेंद्र पटेल, अजय पटेल, सच्चिदानंद मौर्य, अरुण पटेल, सनोज सविता, बाराती दिवाकर, आशु श्रीवास्तव, शिवम पटेल, सोम पटेल, मोहित सविता, बलराम सविता सहित गांव के गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button