कच्ची दीवार गिरने से महिला की मौत, मासूम बेटा घायल

बदलता स्वरूप
सुलतानपुर। जयसिंहपुर क्षेत्र के कोची गांव में रविवार देर रात जर्जर कच्चे मकान की मुंडेर अचानक भरभराकर गिर गई। हादसे में मलबे में दबकर 29 वर्षीय प्रतिभा की मौत हो गई, जबकि उसका सात वर्षीय बेटा आयुष घायल हो गया। वहीं चार वर्षीय बेटा अयांश बाल-बाल बच गया।
हादसे के समय प्रतिभा अपने दोनों बच्चों के साथ मकान में सो रही थी। मुंडेर गिरने से तीनों मलबे में दब गए। अयांश किसी तरह बाहर निकलकर अपने बाबा राम किशोर मिश्रा के पास पहुंचा और घटना की जानकारी दी। इसके बाद परिजनों व ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत कर मलबा हटाकर मां-बेटे को बाहर निकाला।
गंभीर रूप से घायल प्रतिभा को 100 शैय्या अस्पताल, बिरसिंहपुर ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घायल आयुष का उपचार कराया गया और उसकी हालत ठीक बताई गई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
घटना के बाद गांव में मातम पसरा है। ग्रामीणों ने परिवार की आर्थिक स्थिति को देखते हुए सरकारी आवास योजना का लाभ न मिलने पर सवाल उठाते हुए पीड़ित परिवार को तत्काल आवास एवं आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।

Related Articles

Back to top button