विधिक जागरूकता शिविर में कानून और जनकल्याणकारी योजनाओं की दी जानकारी

श्रावस्ती ब्यूरो की रिपोर्ट
भिनगा। राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के आदेशों के अनुपालन में सोमवार को डीपीआरसी, भिनगा में विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन प्रभारी जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, श्रावस्ती के निर्देशन में तथा सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण श्रीमती अनुप्रिया की अध्यक्षता में हुआ।
शिविर में अनुप्रिया ने लोगों को सामान्य विधिक जानकारी देते हुए निःशुल्क विधिक सहायता, राष्ट्रीय लोक अदालत और मध्यस्थता अभियान-3.0 के बारे में बताया। इसके साथ ही महिला एवं बाल संरक्षण, पॉक्सो एक्ट-2012 के प्रावधान, महिला अधिकार, समान वेतन, लैंगिक समानता और महिला कल्याण से संबंधित कानूनों की जानकारी दी गई।
उन्होंने एसिड अटैक, घरेलू हिंसा से महिलाओं का संरक्षण तथा नशीली दवाओं के दुष्प्रभावों के प्रति लोगों को जागरूक किया। विभिन्न सामाजिक कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए बताया गया कि आर्थिक एवं सामाजिक रूप से कमजोर वर्ग के पात्र व्यक्तियों को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के माध्यम से निःशुल्क विधिक सहायता उपलब्ध कराई जाती है।
कार्यक्रम में डीपीआरसी के सीनियर फैकल्टी बृजेश कुमार पाण्डेय, डिप्टी चीफ एलएडीसी जेपी त्रिपाठी, पीएलवी माला शर्मा, ज्योति गुप्ता, किरन चौरसिया तथा समाजसेवी इन्दु गौतम मौजूद रहीं।




