खंभापुर में जलभराव और जर्जर रास्ते से स्थानीय हलकान, नगर पालिका को सौंपा ज्ञापन

अमित शरण बॉबी
बदलता स्वरूप फतेहपुर
फतेहपुर।
नगर पालिका क्षेत्र फतेहपुर के वार्ड नंबर 4 (खंभापुर, राधा नगर थाना के पश्चिम, ग्लोबल पब्लिक स्कूल के पास) में जलभराव और पक्के रास्ते के अभाव में स्थानीय लोगों का जीना मुहाल हो गया है। समस्या से परेशान होकर मोहल्ला वासियों ने नगर पालिका अध्यक्ष एवं अधिशासी अधिकारी को पत्र सौंपकर स्थायी समाधान की गुहार लगाई है।
मोहल्ला वासियों के अनुसार इलाके में लगभग 50 से 60 मकान बने हुए हैं। उचित जल निकासी (ड्रेनेज) और पक्की सड़क न होने के कारण पूरे क्षेत्र में आए दिन भारी जलभराव की स्थिति बनी रहती है। सबसे अधिक परेशानी स्कूली बच्चों और बुजुर्गों को हो रही है, जिन्हें रोज़ाना गंदे पानी और कीचड़ के बीच से होकर गुज़रना पड़ता है।
ज्ञापन में निवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही जल निकासी और सड़क निर्माण का कार्य शुरू नहीं कराया गया, तो संक्रामक बीमारियों का खतरा और अधिक बढ़ जाएगा।
इस दौरान पत्र सौंपने वालों में अनीता देवी, रामशरण, विभा शर्मा, आशा देवी, फूल कुमारी, दुर्गा प्रसाद, विमलेश, दिनेश, हिमांशु सिंह, दीपक निषाद, जितेन्द्र कुमार, मनोरमा, सविता देवी, जमुना देवी, मोहित कुमार समेत अन्य स्थानीय लोग प्रमुख रूप से शामिल रहे।

Related Articles

Back to top button