वन निगम कर्मचारी की मोटरसाइकिल चोरी, पुलिस से कार्रवाई की मांग
गोंडा। उत्तर प्रदेश वन निगम में कार्यालयीय कार्य कर रहे एक कर्मचारी की मोटरसाइकिल चोरी होने का मामला सामने आया है। पीड़ित ने नगर कोतवाली गोण्डा में तहरीर देकर वाहन चोरी की रिपोर्ट दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई किए जाने की मांग की है।
तहरीर के अनुसार, राहुल कुमार टण्डन, जो कार्यालय प्रभागीय विक्रय प्रबन्धक, उ.प्र. वन निगम, गोण्डा में कम्प्यूटर ऑपरेटर के पद पर कार्यरत हैं, ने बताया कि 8 सितंबर 2026 को वह पूर्व की भांति कार्यालय के बगल में दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग, उ.प्र. द्वारा संचालित बचपन डे केयर सेंटर के समीप अपनी लाल रंग की मोटरसाइकिल संख्या UP 43 AE 6605 खड़ी करके कार्यालय चले गए थे।
शाम 5 बजे घर जाने के लिए वाहन लेने पहुंचे तो निर्धारित स्थान पर मोटरसाइकिल नहीं मिली। आसपास काफी तलाश करने के बावजूद वाहन का कोई पता नहीं चल सका।
पीड़ित ने नगर कोतवाली पुलिस से मोटरसाइकिल चोरी की रिपोर्ट दर्ज कर मामले में आवश्यक कार्रवाई करने की गुहार लगाई है। मामले को लेकर पुलिस से वाहन की तलाश और चोरी का खुलासा किए जाने की उम्मीद जताई गई है।



