रूपईडीह पीएचसी को 30 शैय्या आधुनिक चिकित्सालय में उच्चीकृत करने की मांग
गोण्डा। व्यापक जनहित को देखते हुए अपना दल (एस) के विधानसभा बहराइच सदर प्रभारी एवं जिला पंचायत सदस्य मनोज कुमार शुक्ला एडवोकेट ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी गोण्डा को पत्र भेजकर प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र रूपईडीह को उच्चीकृत कर 30 शैय्या का आधुनिक चिकित्सालय स्थापित किए जाने की मांग की है।
पत्र में उन्होंने बताया कि रूपईडीह पीएचसी गोण्डा-बहराइच मार्ग पर स्थित महत्वपूर्ण राजकीय चिकित्सालय है, लेकिन वर्तमान में यहां सीमित चिकित्सा संसाधन एवं चिकित्सकीय स्टाफ उपलब्ध होने के कारण क्षेत्र की बड़ी आबादी को समुचित स्वास्थ्य सुविधाएं नहीं मिल पा रही हैं। अस्पताल भवन की स्थिति भी ठीक नहीं है और पीएचसी के 24×7 क्रियाशील न होने से सामान्य एवं आपातकालीन मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ता है।
मनोज कुमार शुक्ला ने कहा कि रूपईडीह से सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र खरगूपुर करीब 18-19 किमी, कटरा बाजार करीब 19-20 किमी और गोण्डा मेडिकल कॉलेज भी लगभग 18-20 किमी दूर है। ऐसे में आसपास के करीब 2 से 3 लाख लोगों के लिए रूपईडीह में बेहतर चिकित्सा व्यवस्था बेहद जरूरी है।
उन्होंने पत्र में यह भी उल्लेख किया कि एनएच-330 गोण्डा-बहराइच मार्ग पर दुर्घटनाओं एवं आपातकालीन परिस्थितियों को देखते हुए आधुनिक चिकित्सालय की आवश्यकता और अधिक बढ़ जाती है। गंभीर मरीजों को समय पर उपचार न मिलने से उनकी जान पर जोखिम बना रहता है।
उन्होंने मांग की कि रूपईडीह पीएचसी को शीघ्र 30 शैय्या आधुनिक चिकित्सालय के रूप में विकसित किया जाए। साथ ही स्थायी व्यवस्था होने तक स्थानीय स्तर पर 24×7 चिकित्सा सेवा, एक बाल रोग विशेषज्ञ, तीन एमबीबीएस चिकित्सक, पर्याप्त पैरामेडिकल स्टाफ, एक्स-रे मशीन, प्लास्टर सुविधा, नवजात शिशुओं के लिए एनआईसीयू, अल्ट्रासाउंड तथा विद्युत आपूर्ति के लिए बड़े जनरेटर की व्यवस्था तत्काल की जाए।
मनोज कुमार शुक्ला ने कहा कि रूपईडीह में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं की स्थापना क्षेत्र की लाखों आबादी के साथ-साथ गोण्डा-बहराइच मार्ग से आवागमन करने वाले लोगों के लिए भी जीवनरक्षक साबित होगी।



