नरैनी पुलिस ने 72 घंटे में हत्या का किया खुलासारंजिश में धारदार हथियार से वारकर की थी हत्या, तीन आरोपी गिरफ्तार; आलाकत्ल व मृतक की बाइक बरामद

बांदा/नरैनी। नरैनी थाना पुलिस ने रंजिश के चलते की गई हत्या की घटना का महज 72 घंटे के भीतर सफल अनावरण करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त बांका और मृतक की मोटरसाइकिल भी नदी से बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, 5 सितंबर 2026 को ग्राम नहरी लक्ष्मी बाजार निवासी जिलेदार ने थाना नरैनी में सूचना दी थी कि अज्ञात लोगों ने उनके पुत्र की हत्या कर शव को बागै नदी में फेंक दिया है। सूचना मिलते ही पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक बांदा पलाश बंसल ने शीघ्र खुलासे और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों का गठन किया।
जांच के दौरान पुलिस ने 7 सितंबर को घटना में शामिल तीन आरोपियों चुनवदा उर्फ रमेश पुत्र पुन्ना, रामबाबू पुत्र पुन्ना और अरुण पुत्र किशोरी लाल को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि मृतक द्वारा उनके परिवार की एक महिला से बातचीत करने को लेकर रंजिश उत्पन्न हुई थी। इसी रंजिश के चलते उन्होंने धारदार हथियार से वारकर उसकी हत्या कर दी।
आरोपियों ने पुलिस को बताया कि हत्या के बाद मृतक के शव को उसकी मोटरसाइकिल समेत बागै नदी पुल से नदी में फेंक दिया गया था। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त एक बांका और मृतक की मोटरसाइकिल बरामद कर ली।
पुलिस की इस कार्रवाई में थाना प्रभारी भास्कर मिश्रा, निरीक्षक अर्जुन सिंह, उपनिरीक्षक अनिल कुमार साहू समेत पुलिस टीम के 13 सदस्य शामिल रहे।
पुलिस ने मामले में मु0अ0सं0 240/26, धारा 103(1)/238 बीएनएस के तहत कार्रवाई की है।




