शिक्षा केवल नौकरी पाने का नहीं, रोजगार देने का माध्यम बने : प्रवीण जी

एम्स इंटर कॉलेज में ‘युवा राष्ट्र’ कार्यक्रम का आयोजन ,
विद्यार्थियों को राष्ट्र निर्माण में योगदान का दिया संदेश

गोंडा। एम्स इंटर कॉलेज, गोंडा में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के तत्वावधान में ‘युवा राष्ट्र’ कार्यक्रम का आयोजन उत्साहपूर्ण वातावरण में किया गया। कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रांत प्रचारक श्री प्रवीण जी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उनके साथ जिला प्रचारक श्री सतीश जी एवं नगर प्रचारक श्री अमित जी की भी गरिमामयी उपस्थिति रही।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रांत प्रचारक श्री प्रवीण जी ने विद्यार्थियों को राष्ट्रवाद, नैतिकता, कर्तव्यबोध और आत्मनिर्भरता का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल नौकरी प्राप्त करना नहीं होना चाहिए। शिक्षा ऐसी होनी चाहिए, जो युवाओं को अपने पैरों पर खड़ा होने के साथ-साथ दूसरों को भी रोजगार उपलब्ध कराने में सक्षम बनाए। उन्होंने युवाओं से शिक्षा के साथ कौशल, अनुशासन, संस्कार और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी को जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि भारत का इतिहास गौरवशाली रहा है और हमारी संस्कृति, सभ्यता एवं परंपराएं पूरी दुनिया के लिए प्रेरणास्रोत हैं। युवाओं को देश के महान महापुरुषों के जीवन और उनके आदर्शों से परिचित कराना आज की आवश्यकता है। जब विद्यार्थी अपनी संस्कृति और सभ्यता के गौरव को समझेंगे तथा राष्ट्र के प्रति अपने दायित्व को पहचानेंगे, तभी आत्मनिर्भर, संगठित और विकसित भारत के निर्माण का मार्ग प्रशस्त होगा।
कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय के प्रबंधक एवं शिक्षाविद् डॉ. अभय श्रीवास्तव ने की। इस दौरान विद्यार्थियों ने राष्ट्र, शिक्षा, संस्कृति, आत्मनिर्भरता और युवाओं की भूमिका से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण एवं विचारोत्तेजक प्रश्न अतिथियों के समक्ष रखे। अतिथियों ने विद्यार्थियों की जिज्ञासाओं का तार्किक एवं समुचित उत्तर देते हुए उनका मार्गदर्शन किया।
‘युवा राष्ट्र’ कार्यक्रम ने विद्यार्थियों में राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी, अपनी संस्कृति के प्रति गौरव और भविष्य के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करने का संदेश दिया।

Related Articles

Back to top button