मिशन शक्ति 5.0: फीडबैक और हॉटस्पॉट मैपिंग से चिन्हित होंगे संवेदनशील स्थान

लतानपुर। महिलाओं एवं बालिकाओं को सुरक्षित, सशक्त और आत्मनिर्भर वातावरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सुलतानपुर पुलिस ने मिशन शक्ति 5.0 के द्वितीय चरण में अभिनव पहल शुरू की है। पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल के निर्देशन में चलाए जा रहे इस अभियान के तहत एंटी रोमियो स्क्वाड को और अधिक प्रभावी बनाते हुए मनचलों पर शिकंजा कसने की कार्ययोजना तैयार की गई है।
अभियान के तहत एंटी रोमियो टीमें स्कूल-कॉलेज, आंगनबाड़ी केंद्र, पार्क, मॉल और प्रमुख बाजारों में पहुंचकर छात्राओं एवं महिलाओं से फीडबैक ले रही हैं। प्राप्त शिकायतों और सुझावों के आधार पर ऐसे संवेदनशील स्थानों की थानावार हॉटस्पॉट मैपिंग की जा रही है, जहां मनचलों का जमावड़ा रहता है अथवा छींटाकशी की शिकायतें मिलती हैं।
चिन्हित हॉटस्पॉट पर एंटी रोमियो स्क्वाड की सक्रियता बढ़ाई जाएगी। महिलाओं और छात्राओं पर छींटाकशी अथवा अभद्र टिप्पणी करने वालों को पकड़कर ‘रेड कार्ड’ के माध्यम से अंतिम चेतावनी दी जाएगी। रेड कार्ड प्राप्त करने वाले व्यक्तियों का पूरा विवरण पुलिस रिकॉर्ड में सुरक्षित रखा जाएगा। दोबारा ऐसी गतिविधि में संलिप्त पाए जाने पर संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस अधिकारी एवं थाना प्रभारी शैक्षणिक संस्थानों और सार्वजनिक स्थलों पर पहुंचकर महिलाओं व बालिकाओं को 1090, 112, 1930, 1076, 181, 108/102, 1098 और 14567 सहित विभिन्न हेल्पलाइन सेवाओं तथा थाना स्तर पर संचालित महिला हेल्प डेस्क के बारे में भी जागरूक कर रहे हैं।




