डीएम व एसपी ने बाबा बागेश्वर नाथ मंदिर एवं सरयू घाट मन्दिर का किया निरीक्षण

कजरी तीज पर्व के दृष्टिगत की गई व्यवस्थाओं का लिया जायजा

बदलता स्वरूप
बहराइच। आगामी कजरी तीज पर्व के दृष्टिगत नवागंतुक जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय एवं पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव ने अपर पुलिस अधीक्षक नगर आयुष विक्रम सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण दुर्गा प्रसाद तिवारी, एसडीएम पयागपुर संजय पांडेय, क्षेत्राधिकारी पयागपुर श्रीमती हर्षिता तिवारी, तहसीलदार अंबिका चौधरी, स्थानीय थाना प्रभारी एवं खण्ड विकास अधिकारी के साथ पांडव कालीन प्रसिद्ध बाबा बागेश्वर नाथ मंदिर एवं भग्गड़वा चौकी के पास स्थित सरयू घाट, मंदिर एवं तालाब परिसर का स्थलीय निरीक्षण कर सुरक्षा एवं श्रद्धालुओं की सुविधा हेतु की जा रही व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों द्वारा मंदिर परिसर, सरयू घाट एवं तालाब क्षेत्र में संभावित श्रद्धालु भीड़ के दृष्टिगत सुरक्षा व्यवस्था, आवागमन, प्रवेश एवं निकास व्यवस्था, बैरिकेडिंग तथा पुलिस बल की तैनाती के संबंध में जानकारी ली गयी तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिये गये। पर्व के दौरान संभावित भीड़ के दृष्टिगत यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने, पार्किंग व्यवस्था, आवश्यकतानुसार यातायात डायवर्जन तथा संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिये गये, जिससे श्रद्धालुओं को आवागमन में किसी प्रकार की असुविधा न हो। अधिकारियों द्वारा घाट एवं तालाब क्षेत्र में श्रद्धालुओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए विशेष सतर्कता बरतने, भीड़ के दबाव की स्थिति में प्रभावी भीड़ प्रबंधन सुनिश्चित करने तथा किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने हेतु आवश्यक तैयारियां पूर्ण रखने के निर्देश दिये गये।

Related Articles

Back to top button