प्राथमिक शिक्षक संघ के ब्लॉक चुनाव कराने की तैयारियां तेज़, 5 शेष ब्लॉकों के संयोजकों की हुई घोषणा

बदलता स्वरूप
फतेहपुर। उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के प्रांतीय अध्यक्ष विनय कुमार तिवारी एवं महामंत्री उमाशंकर सिंह द्वारा जारी निर्देश के अनुपालन में जनपद फतेहपुर में संगठनात्मक चुनाव कराने की प्रक्रिया तेज हो गई है। प्रांतीय नेतृत्व के निर्देशानुसार, जिले में पहले ब्लॉक स्तर के चुनाव संपन्न कराए जाएंगे, जिसके बाद ही जिला संगठन का चुनाव होगा।
इस क्रम में 10 सितंबर 2026 को संगठन की बैठक आयोजित की गई, जिसमें वर्ष 2016 के अंतिम चुनावों में निर्वाचित प्रतिनिधियों ने सहभागिता की। बैठक में मलवां से रामबहादुर, हसवा से शैलेंद्र सिंह भदौरिया, भिटौरा से दिग्विजय सिंह, असोधर से अनुराग कुमार मिश्र, खजुहा से बलराम सिंह, अमौली से योगेन्द्र सिंह, ऐरायां से कुलदीप कुलभूषण और देवमई से योगेन्द्र सिंह चौहान मुख्य रूप से शामिल रहे।
संयोजक मंडल एवं प्रतिनिधियों की सर्वसम्मति से प्रदेश नेतृत्व के इस निर्णय की सराहना की गई तथा शेष 5 ब्लॉकों में चुनाव संपन्न कराने हेतु नए संयोजकों की नियुक्ति की गई। इसमें तेलियानी से रणवीर सिंह, बहुआ से देवशरण शुक्ला, धाता से संजय सिंह, हथगाम से राजीव कुमार तथा विजयीपुर से सुभाष मौर्य को बतौर संयोजक जिम्मेदारी सौंपी गई है।
बैठक में उपस्थित सभी पदाधिकारियों ने सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित करते हुए कहा कि पिछले 10 वर्षों से ब्लॉक स्तर के चुनाव न कराकर शिक्षकों से किए जा रहे धोखे के विरुद्ध अब एकजुटता दिखाते हुए चुनावी प्रक्रिया को गति प्रदान की जा रही है।
संगठन ने स्पष्ट किया है कि सदस्यता सूची प्रस्तुत करते ही जल्द ही चुनाव की तिथियां घोषित कर दी जाएंगी। किसी भी विकास खंड में चुनाव संचालन की जिम्मेदारी देख रहे पदाधिकारी से सदस्यता लेकर ब्लॉक के चुनाव में प्रतिभाग किया जा सकता है और किसी को भी सदस्यता लेने से मना नहीं किया जाएगा। 13 ब्लॉकों के संयोजकों ने आज आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में शामिल होकर पत्रकारों के प्रश्नों के उत्तर दिए।




