रेलवे कर्मचारियों के बच्चों के लिए ऑन स्पॉट निबंध प्रतियोगिता का भव्य आयोजन

रेलवे परिवार के कल्याण हेतु मंडल महिला कल्याण संगठन की सराहनीय पहल

वाराणसी। केंद्रीय रेलवे महिला कल्याण संगठन, नई दिल्ली के तत्वावधान में मंडल महिला कल्याण संगठन, वाराणसी ने आज रेल कर्मचारियों के बच्चों के सर्वांगीण विकास एवं कल्याण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए “ऑन स्पॉट” निबंध प्रतियोगिता का सफल आयोजन किया।
प्रतियोगिता वाराणसी मंडल के क्षेत्राधिकार में आने वाले वाराणसी, छपरा, गोरखपुर, मऊ, बलिया, प्रयागराज रामबाग एवं सीवान जंक्शन स्टेशनों पर 6 से 15 वर्ष आयु वर्ग के रेल कर्मचारियों के बच्चों के लिए प्रातः 10:30 से 12:30 बजे तक आयोजित की गई।
आयु के आधार पर तीन ग्रुपों में विभाजित इस प्रतियोगिता में 250 से अधिक बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

बच्चों में रचनात्मकता एवं प्रतिभा को बढ़ावा देने का प्रयास

कार्यक्रम का शुभारंभ मंडल महिला कल्याण संगठन, वाराणसी की अध्यक्षा वाणी जैन ने अधिकारी क्लब, लहरतारा में दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर सचिव जागृति सिंह, कोषाध्यक्ष मधुलिका सिंह तथा अन्य सदस्याएँ सुनीता गौर, शालिनी अवस्थी, प्रतिमा कुशवाहा, प्रियंका पाण्डेय एवं लीना शर्मा उपस्थित रहीं। कार्यक्रम का संचालन हित निरीक्षक श्री अविनाश कुमार ने किया।
प्रत्येक ग्रुप में प्रथम, द्वितीय, तृतीय तथा दो सांत्वना पुरस्कार दिए जाएंगे, जिनका वितरण नई दिल्ली में आयोजित महिला दिवस समारोह में किया जाएगा। इसके अतिरिक्त मंडल स्तर पर भी विशेष पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। उल्लेखनीय है कि प्रतियोगिता में प्रतिभागियों से कोई प्रवेश शुल्क नहीं लिया गया।

रेलवे परिवार के प्रति स्नेह एवं प्रोत्साहन

प्रतियोगिता के उपरांत अध्यक्षा वाणी जैन एवं संगठन की सदस्याओं ने सभी प्रतिभागी बच्चों को पेंसिल बॉक्स, बिस्किट, चिप्स एवं जूस उपहार स्वरूप प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया। प्रतियोगिता के सफल आयोजन हेतु समस्त प्रतिभागियों, रेलकर्मियों और संगठन की सदस्याओं का अध्यक्षा महिला संगठन श्रीमती वाणी जैन ने धन्यवाद ज्ञापित किया।
यह आयोजन रेलवे प्रशासन एवं महिला कल्याण संगठन द्वारा कर्मचारियों एवं उनके परिवारों के कल्याण के प्रति निरंतर प्रतिबद्धता का जीवंत उदाहरण है।

Related Articles

Back to top button