तुलिप वायलेट सोसायटी में गणेश उत्सव का भव्य शुभारंभ, कलश यात्रा में उमड़ा श्रद्धालुओं का उत्साह

गुरुग्राम: सेक्टर स्थित तुलिप वायलेट सोसायटी में आज भगवान श्री गणेश के धार्मिक उत्सव का भव्य शुभारंभ हुआ। गणेश उत्सव को लेकर सोसायटी के निवासियों में खासा उत्साह देखने को मिला। बड़ी संख्या में निवासियों ने श्रद्धा और उल्लास के साथ कलश यात्रा में भाग लिया तथा इसके बाद विधि-विधान से भगवान श्री गणेश की पूजा एवं आरती की गई।
गणेश उत्सव के शुभारंभ के अवसर पर सोसायटी का वातावरण भक्तिमय हो गया। महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों सहित बड़ी संख्या में निवासियों ने कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।
आयोजकों के अनुसार, यह गणेश उत्सव 18 सितंबर तक जारी रहेगा। इस दौरान प्रतिदिन सुबह और शाम पूजा एवं आरती के साथ विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। उत्सव के माध्यम से सोसायटी के निवासियों को धार्मिक आस्था के साथ-साथ सांस्कृतिक एवं सामाजिक रूप से एकजुट होने का अवसर मिलेगा।
आयोजकों ने गणेश उत्सव में उत्साहपूर्वक भाग लेने वाले सभी निवासियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भगवान श्री गणेश सभी के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और सौहार्द लेकर आएं, यही कामना है।




