रेलवे स्टेशन व ट्रेनों में चोरी करने वाले तीन शातिर चोर गिरफ्तार, तीन मोबाइल बरामद

गोण्डा। राजकीय रेलवे पुलिस थाना गोण्डा ने रेलवे स्टेशन व ट्रेनों में यात्रियों के मोबाइल चोरी करने वाले तीन शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी के तीन एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 45 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, पुलिस महानिदेशक रेलवे प्रकाश डी, पुलिस महानिरीक्षक रेलवे लखनऊ रामकृष्ण भारद्वाज के निर्देशन तथा पुलिस अधीक्षक रेलवे लक्ष्मी निवास मिश्र के मार्गदर्शन में रेलवे स्टेशन, सर्कुलेटिंग एरिया और ट्रेनों में अपराध नियंत्रण एवं अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान चलाया जा रहा है।
इसी अभियान के तहत पुलिस उपाधीक्षक रेलवे गोरखपुर अशोक कुमार सिंह के निकट पर्यवेक्षण में 13 सितंबर 2026 को जीआरपी थाना गोण्डा की पुलिस टीम ने रेलवे स्टेशन गोण्डा के प्लेटफॉर्म नंबर-4 के पूर्वी छोर से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुशील कुमार यादव (27 वर्ष), निवासी रेवारी छाता, थाना मऊआइमा, जिला प्रयागराज; आशीष कुमार यादव (24 वर्ष), निवासी नरायनपुर ओली, थाना कोतवाली देहात, जिला गोण्डा; तथा शंकर मंडल (22 वर्ष), निवासी सुभाष नगर कॉलोनी, थाना पयागपुर, जिला बहराइच के रूप में हुई है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों के कब्जे से चोरी के तीन एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद हुए। इस संबंध में थाना जीआरपी गोण्डा में मु0अ0सं0 113/26, धारा 317(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
पूछताछ में हुआ खुलासा
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे अपने खर्चे चलाने के लिए ट्रेनों, प्लेटफॉर्मों और अन्य स्थानों पर चोरी करते हैं। वे चलती ट्रेनों तथा प्लेटफॉर्म पर सो रहे यात्रियों को निशाना बनाकर उनके मोबाइल चोरी करते थे। आरोपियों ने बताया कि गोण्डा स्टेशन पर यात्रियों के मोबाइल चोरी करने के बाद उन्होंने सिम कार्ड निकालकर फेंक दिए थे। चोरी किए गए मोबाइल बेचने और दोबारा चोरी करने की नीयत से वे स्टेशन पहुंचे थे, जहां पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी से रेलवे स्टेशन एवं ट्रेनों में मोबाइल चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने में मदद मिलेगी।



