लखनऊ खबर दैनिक बदलता स्वरूप

स्वच्छता के संकल्प से गूंजा लखनऊ मंडल, ‘स्वच्छ रेल-स्वच्छ भारत’ का दिया संदेश

डीआरएम गौरव अग्रवाल ने दिलाई स्वच्छता की शपथ, ऐशबाग से निकली जागरूकता रैली; स्टेशनों, डिपो और रेलवे कॉलोनियों में चला विशेष सफाई अभियान

लखनऊ, 17 सितम्बर। रेलवे बोर्ड के निर्देशानुसार पूर्वोत्तर रेलवे के लखनऊ मंडल में 17 सितम्बर से 2 अक्टूबर तक ‘स्वच्छता ही सेवा-2026’ अभियान चलाया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य स्वच्छता के प्रति जनभागीदारी बढ़ाने, आधुनिक कचरा प्रबंधन को बढ़ावा देने तथा सिंगल यूज प्लास्टिक के उपयोग को समाप्त करने के लिए सामूहिक प्रयास करना है।

इसी क्रम में ऐशबाग कोचिंग डिपो में मंडल रेल प्रबंधक गौरव अग्रवाल, अपर मंडल रेल प्रबंधक (इंफ्रा) भुवनेश सिंह, अपर मंडल रेल प्रबंधक (परिचालन) नीतू सहित शाखाधिकारियों एवं कर्मचारियों ने स्वच्छता की शपथ ली। इसके बाद डीआरएम ने स्वच्छता जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

डीआरएम ने गोमतीनगर कोचिंग डिपो एवं ऐशबाग डिपो में आयोजित विश्वकर्मा पूजा में भी भाग लिया।

अभियान के तहत मंडल के विभिन्न रेलवे स्टेशनों, ऐशबाग एवं गोरखपुर कोचिंग डिपो, मंडल चिकित्सालय, हेल्थ क्लीनिक, हेल्थ यूनिट तथा रेलवे कॉलोनियों में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। रेलकर्मियों ने ‘स्वच्छ रेल, स्वच्छ भारत’ का संदेश देते हुए जागरूकता रैलियां निकालीं और यात्रियों एवं आमजन को स्टेशन, ट्रैक, यार्ड तथा डिपो परिसर में स्वच्छता बनाए रखने के लिए प्रेरित किया।

इस दौरान लोगों को घरों में चार-बिन कचरा प्रबंधन प्रणाली अपनाने तथा कचरे के उचित पृथक्करण के लिए भी प्रोत्साहित किया गया।



ऐशबाग रेलवे मनोरंजन केंद्र का होगा कायाकल्प

डीआरएम गौरव अग्रवाल ने नवीनीकरण कार्यों का निरीक्षण कर गुणवत्ता और समयसीमा पर दिए निर्देश

लखनऊ, 17 सितम्बर। पूर्वोत्तर रेलवे लखनऊ मंडल के डीआरएम गौरव अग्रवाल ने एडीआरएम भुवनेश सिंह, एडीआरएम परिचालन नीतू एवं वरिष्ठ मंडल इंजीनियर (समन्वय) पंकज कुमार सिंह के साथ ऐशबाग स्थित रेलवे मनोरंजन केंद्र में चल रहे नवीनीकरण कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने भवन व परिसर के उन्नयन-सौंदर्यीकरण तथा आधुनिक सुविधाओं की कार्ययोजना पर चर्चा की और निर्माण सामग्री की गुणवत्ता परखते हुए कार्य निर्धारित समयसीमा में पूरा करने के निर्देश दिए। डीआरएम ने कहा कि आधुनिक मनोरंजन केंद्र से रेलकर्मियों और उनके परिवारों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी तथा कल्याण एवं सामाजिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। इस दौरान रेलवे के अन्य वरिष्ठ अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।


ऐशबाग स्टेडियम में लेवल-1 पदों की PET, डीआरएम ने परखी व्यवस्थाएं

बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों की मौजूदगी को लेकर सुरक्षा, यातायात, पेयजल व चिकित्सा समेत सभी इंतजामों का लिया जायजा

लखनऊ, 17 सितम्बर। पूर्वोत्तर रेलवे के लखनऊ मंडल स्थित ऐशबाग रेलवे स्टेडियम में 15 से 19 सितम्बर तक CEN 08/2026 के तहत लेवल-1 पदों के लिए शारीरिक दक्षता परीक्षा (PET) आयोजित की जा रही है। डीआरएम गौरव अग्रवाल ने परीक्षा स्थल का निरीक्षण कर सुरक्षा, प्रवेश-निकास, यातायात, पेयजल, चिकित्सा, बैठने सहित अन्य व्यवस्थाओं की समीक्षा की।
वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी राजेश कुमार गुप्ता एवं मंडल कार्मिक अधिकारी एस.एन. उरांव परीक्षा व्यवस्थाओं का संचालन कर रहे हैं। आरआरसी चेयरमैन वी.के. द्विवेदी एवं उनकी टीम परीक्षा प्रक्रिया की निगरानी कर रही है। निर्धारित मानकों में सफल अभ्यर्थी अगले चरण में दस्तावेज सत्यापन और मेडिकल परीक्षण के लिए पात्र होंगे।

Related Articles

Back to top button