मैजापुर चीनी मिल की पहल: गौशाला में चारा दान के साथ किसानों को शरदकालीन गन्ना बुवाई पर मिलेंगी कई सुविधाएं

कटरा बाजार, गोंडा। बलरामपुर चीनी मिल्स लिमिटेड की इकाई मैजापुर द्वारा सामाजिक सरोकार और कृषक हित को प्राथमिकता देते हुए मैजापुर स्थिति गौशाला में संरक्षित गोवंश के लिए चारा दान किया गया। उप गन्ना आयुक्त, उत्तर प्रदेश के मार्गदर्शन तथा देवीपाटन मंडल के गन्ना विभाग के अधिकारियों की पहल पर आयोजित कार्यक्रम में अधिकारियों और चीनी मिल प्रबंधन ने सहभागिता की।कार्यक्रम में डॉ. आर.बी. राम, उप गन्ना आयुक्त, सुनील कुमार, जिला गन्ना अधिकारी तथा मैजापुर चीनी मिल के डिप्टी जनरल मैनेजर (केन) प्रभाकर कुमार प्रभात सहित ग्राम प्रधान मैजापुर और चीनी मिल के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने गौशाला का निरीक्षण कर संरक्षित गोवंश के रख-रखाव और उनके लिए उपलब्ध कराए जा रहे चारे की जानकारी ली। अधिकारियों ने कहा कि गोवंश संरक्षण में सामुदायिक सहभागिता महत्वपूर्ण है। चीनी मिल की ओर से चारा दान किए जाने से गौशाला में संरक्षित निराश्रित गोवंश को आवश्यक आहार उपलब्ध कराने में सहयोग मिलेगा। इसी क्रम में चीनी मिल ने शरदकालीन गन्ना बुवाई 2026 को लेकर किसानों के लिए विभिन्न सुविधाओं की घोषणा की है। मिल प्रबंधन के अनुसार शरदकालीन गन्ना बुवाई करने वाले किसानों को ट्राइकोडर्मा नि:शुल्क उपलब्ध कराया जा रहा है। वहीं बायो-पोटाश 325 रुपये प्रति बैग के नगद भुगतान पर चीनी मिल द्वारा उपलब्ध कराया जाएगा। ऐसे किसान जिनके पास पिछले वर्षों में गन्ना नहीं था और गन्ने की सप्लाई भी नहीं थी, उन्हें गन्ना बुवाई करने पर नाली निकालने के लिए 2,500 रुपये प्रति हेक्टेयर अनुदान दिया जाएगा।

इसके अलावा शरदकालीन गन्ने के साथ लाइन से सहफसली सरसों की खेती करने वाले किसानों को 1,250 रुपये प्रति हेक्टेयर अनुदान देने की व्यवस्था की गई है। चीनी मिल फार्म से टिश्यू कल्चर की नवीन प्रजाति का बीज भी उचित मात्रा और उचित मूल्य पर ‘पहले आओ, पहले पाओ’ के आधार पर उपलब्ध कराया जाएगा। मिल के उप महाप्रबंधक (गन्ना) ने किसानों से शरदकाल में को.लख.14201 एवं को.0118 गन्ना प्रजातियों की अधिक से अधिक क्षेत्रफल में बुवाई करने तथा मिल की ओर से दी जा रही सुविधाओं का लाभ उठाकर बेहतर उत्पादन प्राप्त करने की अपील की।इस अवसर परडॉक्टर आर. बी. राम उप गन्ना आयुक्त, सुनील कुमार सिंह जिला गन्ना अधिकारी, पी के प्रभात उप महाप्रबंधक गन्ना, संजय मिश्रा, राजेश सरोहा,बालेंद्र सिंह ग्राम प्रधान मैजापुर, आदि तमाम किसान मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button