प्रदीप गुप्ता बने रोटरी क्लब बलरामपुर के अध्यक्ष, डॉ. प्रदीप दूबे सचिव

रोटरी क्लब के 43वें पद ग्रहण समारोह में सेवा कार्यों को विस्तार देने का संकल्प
बदलता स्वरूप बलरामपुर। रोटरी क्लब बलरामपुर का 43वां पद ग्रहण समारोह अग्रवाल भवन में भव्य एवं गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। समारोह में नवनिर्वाचित अध्यक्ष रो. प्रदीप गुप्ता, सचिव रो. डॉ. प्रदीप दूबे तथा कोषाध्यक्ष रो. अभिषेक सिन्हा ने पदभार ग्रहण किया। नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने समाजसेवा के कार्यों को और व्यापक स्तर पर आगे बढ़ाने तथा रोटरी के सेवा संकल्प को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का संकल्प लिया।समारोह के मुख्य अतिथि रोटरी मंडल 3120 के मंडल अध्यक्ष रो. मनकेश्वर नाथ पाण्डेय रहे। विशिष्ट अतिथि सहायक मंडलाध्यक्ष, जोन-15 रो. डॉ. सौरभ सिंह तथा विशिष्ट सम्मानित अतिथि हिन्द हार्ट इंस्टीट्यूट एवं हिन्द हॉस्पिटल के वरिष्ठ हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. पंकज कुमार श्रीवास्तव उपस्थित रहे। मंचस्थ अतिथियों का स्वागत रो. अमरजीत सिंह, रो. अभिषेक सिन्हा एवं रो. अनिल अग्रवाल ने पुष्पगुच्छ एवं अंगवस्त्र एवं स्मृति चिन्ह भेंट किया।स्वागत एवं सचिवीय रिपोर्ट रोटेरियन राजेन्द्र श्रीवास्तव ने प्रस्तुत की। उन्होंने क्लब की विभिन्न गतिविधियों एवं उपलब्धियों की जानकारी देते हुए बताया कि रोटरी क्लब बलरामपुर ने पिछले सत्र में विभिन्न सामाजिक एवं जनहितकारी कार्यों के माध्यम से जरूरतमंद वर्गों तक सहायता पहुंचाई।नवनिर्वाचित सचिव रोटेरियन डॉ. प्रदीप दूबे ने आगामी कार्ययोजना प्रस्तुत करते हुए कहा कि क्लब आने वाले सत्र में सेवा कार्यों को और अधिक प्रभावी एवं व्यापक बनाने का प्रयास करेगा। उन्होंने समाज में दान की प्रवृत्ति और सेवा भावना को बढ़ावा देने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि सक्षम लोगों की सहभागिता से जरूरतमंदों की मदद के लिए समय-समय पर वरिष्ठ हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. पंकज कुमार श्रीवास्तव के सहयोग से स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाएंगे।नवनिर्वाचित अध्यक्ष रोटेरियन प्रदीप गुप्ता ने अपने अध्यक्षीय संबोधन में कहा कि पूरी टीम के साथ मिलकर सामाजिक कार्यों के माध्यम से रोटरी क्लब बलरामपुर को नई ऊंचाइयों तक ले जाने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि क्लब का उद्देश्य केवल सेवा प्रकल्प संचालित करना ही नहीं, बल्कि समाज में स्थायी सकारात्मक बदलाव लाना है। उन्होंने सभी सदस्यों से टीम भावना के साथ कार्य करने का आह्वान किया।विशिष्ट अतिथि रोटेरियन डॉ. सौरभ सिंह ने रोटरी के मूल्यों एवं उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि सेवा, सद्भावना और समाज के प्रति जिम्मेदारी रोटरी की मूल भावना है। वरिष्ठ हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. पंकज कुमार श्रीवास्तव ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि रोटरी समाजसेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य कर रही है। उन्होंने आश्वासन दिया कि स्वास्थ्य के क्षेत्र में जहां भी आवश्यकता होगी, वहां सहयोग के लिए तत्पर रहेंगे।मुख्य अतिथि मंडल अध्यक्ष मनकेश्वर नाथ पाण्डेय ने रोटरी क्लब बलरामपुर के सेवा कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि हमें अपनी जड़ों, मूल्यों और सामाजिक विरासत से सदैव जुड़े रहना चाहिए। रोटेरियन समाज से जितना लेते हैं, उससे कहीं अधिक समाज को देने का प्रयास करते हैं। उन्होंने पल्स पोलियो अभियान में रोटरी की भूमिका का उल्लेख करते हुए कहा कि देश में पोलियो उन्मूलन की दिशा में रोटरी के प्रयास महत्वपूर्ण रहे हैं।समारोह में रोटरी क्लब के सदस्यों के अलावा विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने भी सहभागिता की। कार्यक्रम में रोटेरियन डॉ. कौशल्या गुप्ता, रोटेरियन रमेश पाहवा, रोटेरियन ताराचंद अग्रवाल, रोटेरियन अभय पाल, रोटेरियन सतीश अग्रवाल, रोटेरियन डीआर एमएल शाह, रोटेरियन संजय, रोटेरियन अनूप सराफ, रोटेरियन रविंद्र जायसवाल ‘राजन’ सहित अनेक रोटेरियन मौजूद रहे।कार्यक्रम का संचालन एवं धन्यवाद ज्ञापन रोटेरियन डॉ. दिव्य दर्शन तिवारी ने किया। उन्होंने मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथियों, रोटरी पदाधिकारियों, सदस्यों, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों एवं उपस्थित सभी अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया।







