गोण्डा के मक्के के उत्पादों को ट्रेड फेयर में मिली सराहना

रामजन्म तिवारी
बदलता स्वरूप, गोण्डा। नोएडा में आयोजित ट्रेड फेयर में गोण्डा के किसानों के उत्पादों को पहचान मिल रही है। बेलसर क्षेत्र के लौव्वा टेपरा स्थित अथरिष्ट फार्मर प्रोड्यूसर कंपनी के स्टाल पर प्रमुख सचिव शशि भूषण लाल सुशील पहुंचे और मक्के से तैयार उत्पादों की जानकारी ली। उन्होंने स्टाल पर प्रदर्शित उत्पादों का जायजा लेते हुए उनकी सराहना की। प्रमुख सचिव ने मोटे अनाज को स्वास्थ्य के लिए उपयोगी बताते हुए इनके उत्पादन और उपयोग को बढ़ावा देने पर जोर दिया। एफपीओ के सीईओ कुलदीप मिश्रा ने बताया कि प्रमुख सचिव शशि भूषण लाल सुशील देवीपाटन मंडल के आयुक्त भी रह चुके हैं। उन्होंने गोण्डा के किसानों की ओर से तैयार किए जा रहे मक्के और मोटे अनाज के उत्पादों की जानकारी ली। ट्रेड फेयर में स्थानीय किसानों के उत्पादों को मंच मिलने से एफपीओ से जुड़े किसानों में उत्साह है। इससे स्थानीय उत्पादों को बाजार और किसानों को बेहतर अवसर मिलने की उम्मीद बढ़ी है।




