जिलाधिकारी के निर्देश—बाढ़ क्षेत्रों का नियमित भ्रमण करें अधिकारी

बदलता स्वरूप, गोंडा। जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन के निर्देशानुसार तहसील तरबगंज के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में जिला प्रशासन द्वारा राहत एवं बचाव कार्यों को प्राथमिकता के साथ संचालित किया जा रहा है। इसी क्रम में अपर जिलाधिकारी प्रमोद झा, तहसीलदार तरबगंज आशुतोष पांडेय, आपदा विशेषज्ञ राजेश श्रीवास्तव तथा राजस्व विभाग की टीमों द्वारा बाढ़ प्रभावित ग्राम ऐलीपरसौली, गढ़ी, अमदही सहित आसपास के क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण किया गया। अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर बाढ़ की स्थिति, जलभराव, ग्रामीणों की समस्याओं तथा उपलब्ध राहत व्यवस्थाओं का जायजा लिया।निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने प्रभावित ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं और आवश्यकताओं की जानकारी ली। ग्रामीणों को भरोसा दिलाया गया कि जिला प्रशासन पूरी संवेदनशीलता के साथ उनके साथ खड़ा है तथा बाढ़ की स्थिति में किसी भी प्रकार की परेशानी होने पर तत्काल आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। अधिकारियों ने ग्रामीणों से सतर्क रहने तथा प्रशासन द्वारा जारी आवश्यक दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील भी की।जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन ने सभी संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का नियमित एवं लगातार भ्रमण करते रहें और जमीनी स्तर पर स्थिति का जायजा लेते हुए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करें। उन्होंने निर्देशित किया है कि प्रभावित ग्रामीणों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाए तथा राहत एवं बचाव कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए।




