नौकरी के बजाय ई-रिक्शा चलाने की सलाह पर सपा का अनोखा विरोध

रोडवेज से अंबेडकर चौराहे तक रिक्शा चलाकर जताया विरोध, युवाओं के लिए रोजगार और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं की मांग

गोण्डा। उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक द्वारा युवाओं से नौकरी के पीछे न पड़ने और ई-रिक्शा व टैक्सी चलाकर रोजगार करने की सलाह दिए जाने के विरोध में समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को अनोखे अंदाज में सांकेतिक प्रदर्शन किया।मुलायम सिंह यूथ बिग्रेड के जिलाध्यक्ष देवेंद्र प्रताप यादव ‘दीपू प्रधान’, लोहिया वाहिनी के प्रदेश सचिव लालचंद गौतम, अल्पसंख्यक सभा के जिलाध्यक्ष मोहम्मद अफजल खान, छात्र सभा के जिलाध्यक्ष सिद्धार्थ सिंह तथा आसिफ परवेज और रवि यादव ने रोडवेज से अंबेडकर चौराहे तक स्वयं रिक्शा चलाकर और सवारियों को बैठाकर विरोध दर्ज कराया।प्रदर्शनकारियों ने कहा कि युवा नौकरी और रोजगार मांग रहा है, लेकिन उसे ई-रिक्शा चलाने की सलाह दी जा रही है। उन्होंने कहा कि ई-रिक्शा चलाना कोई छोटा काम नहीं है और हर मेहनत सम्मान के योग्य है, लेकिन सरकार की जिम्मेदारी है कि युवाओं की शिक्षा और योग्यता के अनुरूप रोजगार, उद्योग तथा बेहतर अवसर उपलब्ध कराए।सपा नेताओं ने रोजगार के साथ-साथ प्रदेश में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की भी मांग उठाई। प्रदर्शन में समाजवादी पार्टी के कई कार्यकर्ता और पदाधिकारी मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button