सेवा संकल्प अभियान: 2511 आंगनबाड़ी केंद्रों पर हुआ हेल्दी बेबी प्रतियोगिता का आयोजन

उत्कृष्ट कार्य करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं को प्रशस्ति पत्र देकर किया गया सम्मानित
सुल्तानपुर। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आंगन मिलन कार्यक्रम के तीसरे दिन जनपद के सभी 2511 आंगनबाड़ी केंद्रों पर हेल्दी बेबी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण स्तर एवं टीकाकरण के प्रति अभिभावकों को जागरूक करना तथा आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से संचालित पोषण एवं स्वास्थ्य सेवाओं को प्रोत्साहित करना रहा।प्रतियोगिता में एक से छह वर्ष तक के बच्चों ने प्रतिभाग किया। बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण स्तर एवं निर्धारित टीकाकरण की स्थिति के आधार पर मूल्यांकन किया गया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों को माननीय मुख्यमंत्री जी की ओर से जारी प्रमाण पत्र प्रदान कर प्रोत्साहित किया गया।इस अवसर पर आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से बच्चों, महिलाओं एवं परिवारों के पोषण, स्वास्थ्य, शिक्षा और जनजागरूकता के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं को भी प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इसके लिए उत्कृष्ट कार्य करने वाली कर्मियों को चिह्नित कर सेक्टर स्तर पर कार्यक्रम आयोजित किए गए। जनपद की सभी 14 बाल विकास परियोजनाओं में सम्मान समारोह आयोजित कर कर्मियों का उत्साहवर्धन किया गया।इसी क्रम में बाल विकास परियोजना भदैया के अंतर्गत आंगनबाड़ी केंद्र बभनगवा में जिला कार्यक्रम अधिकारी शरद कुमार त्रिपाठी की उपस्थिति में गोद भराई एवं अन्नप्राशन कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए। वहीं, भाजपा के जिलाध्यक्ष सुशील त्रिपाठी ने भी बाल विकास परियोजना भदैया में आयोजित कार्यक्रम के दौरान आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों की सहभागिता के साथ बाल विकास परियोजना अधिकारियों (सीडीपीओ), मुख्य सेविकाओं एवं आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। बड़ी संख्या में अभिभावकों एवं आमजन की भागीदारी से कार्यक्रम का सफल आयोजन हुआ। कार्यक्रम के माध्यम से बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य एवं पोषण के साथ-साथ आंगनबाड़ी कर्मियों के कार्यों को पहचान और प्रोत्साहन देने का संदेश दिया गया।कार्यक्रम के समापन पर शरद कुमार त्रिपाठी ने सभी जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों एवं प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने भविष्य में भी इसी प्रकार के जनभागीदारी आधारित कार्यक्रम आयोजित करते रहने की बात कही।




