हृदय रोगों से बचाव के जीवनशैली में सुधार :-डॉ पंकज श्रीवास्तव

*हृदय रोगों से बचाव के जीवनशैली में सुधार :-डॉ पंकज श्रीवास्तव*
55 मरीजों की हुई स्वास्थ्य जांच, ब्लड शुगर व ईसीजी की जांच कर दिया चिकित्सकीय परामर्श
रूपईडीहा। युवाओं में तेजी से बढ़ रही मधुमेह एवं हृदय संबंधी बीमारियों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से जैनस इनीशिएटिव्स संस्था की ओर से ‘दिल से दिल तक’ मुहिम के तहत एजीसी स्कूल के परिसर में नि:शुल्क हृदय स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित किया गया। शिविर का आयोजन हिन्द हार्ट इंस्टीट्यूट, बाराबंकी के वरिष्ठ हृदय रोग विशेषज्ञ एवं जैनस इनीशिएटिव्स के संस्थापक डॉ. पंकज कुमार श्रीवास्तव के मार्गदर्शन में किया गया। शिविर में करीब 55 लोगों की जांच की गई, जिसमें ब्लड शुगर और ईसीजी सहित आवश्यक स्वास्थ्य परीक्षण नि:शुल्क किए गए। जांच के बाद मरीजों को उनकी स्वास्थ्य स्थिति के अनुसार चिकित्सकीय परामर्श भी दिया गया।
इस अवसर पर डॉ. साकेत कुमार रिसाल ने कहा कि भागदौड़ भरी जिंदगी में लोग अक्सर अपने स्वास्थ्य की अनदेखी करते हैं, जिसके कारण आगे चलकर गंभीर बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है। समय-समय पर स्वास्थ्य जांच और समय रहते उपचार को गंभीर बीमारियों से बचाव का प्रभावी माध्यम बताते हुए उन्होंने लोगों से स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने की अपील की।
वरिष्ठ हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. पंकज कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि हृदय रोगों से बचाव के लिए जीवनशैली में सुधार बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि स्वस्थ रहने के लिए प्रतिदिन कम से कम 45 मिनट व्यायाम या मॉर्निंग वॉक करना चाहिए। इसके साथ ही भोजन में नमक, तेल और अधिक वसायुक्त मसालों का सेवन कम से कम करने की सलाह दी।
विद्यालय के फिजिक्स एवं मैथ विभागाध्यक्ष अमित श्रीवास्तव ने कहा कि वर्तमान समय में मधुमेह और हृदय रोग जैसी बीमारियां युवाओं को भी तेजी से अपनी चपेट में ले रही हैं। ऐसे में शिक्षा के साथ-साथ शारीरिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहना भी अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने बताया कि विद्यालय में भविष्य में हर दूसरे या तीसरे माह के पहले शनिवार को स्वास्थ्य एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय प्रबंधन की ओर से डॉ. पंकज कुमार श्रीवास्तव एवं मुख्य अतिथि नेपाल से आए बेरी हॉस्पिटल के गैस्ट्रो स्पेशलिस्ट डॉ. साकेत कुमार रिसाल को स्मृति चिह्न एवं पुष्पगुच्छ भेंटकर सम्मानित किया गया।
शिविर को सफल बनाने में स्कूल स्टाफ के अंशुमान, योगेंद्र,आशीष, एकांश तथा हिन्द हॉस्पिटल/इंस्टीट्यूट के पीआरओ पंकज सिन्हा का विशेष सहयोग रहा।

Related Articles

Back to top button