जानलेवा हमले के मामले में सुनीता गिरफ्तार, किशोर पुलिस अभिरक्षा में

मनकापुर पुलिस ने घटना में प्रयुक्त फावड़ा और बांका किया बरामद

गोंडा, 16 अक्टूबर। मनकापुर कोतवाली पुलिस ने जानलेवा हमले के मामले में कार्रवाई करते हुए एक अभियुक्ता को गिरफ्तार किया है, जबकि विधि का उल्लंघन करने वाले एक किशोर को पुलिस अभिरक्षा में लिया गया है। पुलिस ने किशोर की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त एक फावड़ा और एक बांका भी बरामद किया है।

पुलिस के अनुसार, 28 जुलाई 2026 को ग्राम बनकसिया शिवरतन सिंह निवासी प्रदीप सिंह ने भूमि विवाद को लेकर विपक्षियों पर गाली-गलौज और धारदार हथियार से हमला करने का आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई थी। हमले में उन्हें गंभीर चोटें आई थीं। मामले में मुकदमा संख्या 0304/2026 के तहत बीएनएस की संबंधित धाराओं में अभियोग दर्ज किया गया था।

16 अक्टूबर को प्रभारी निरीक्षक तेज प्रताप सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर बल्लीपुर चौराहे से किशोर को पुलिस अभिरक्षा में लिया तथा स्टेशन मोड़ मंदिर के पास से सुनीता पत्नी वीरेंद्र कुमार, निवासी बनकसिया शिवरतन सिंह को गिरफ्तार किया।

पुलिस ने गिरफ्तार अभियुक्ता के विरुद्ध विधिक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय भेज दिया। कार्रवाई करने वाली टीम में महिला उपनिरीक्षक रुचि गौतम, उपनिरीक्षक लालजी और कांस्टेबल संजय साहू शामिल रहे।

Related Articles

Back to top button