बैंक घोटाले के आरोपी फूल मोहम्मद की 1.08 करोड़ की संपत्ति कुर्क

गोण्डा में 21.47 करोड़ रुपये के दुर्विनियोग का मामला, एसडीएम सदर और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई

गोण्डा, 18 अक्टूबर। उत्तर प्रदेश स्टेट कोऑपरेटिव बैंक की गोण्डा शाखा में ऋण वितरण में अनियमितता, धोखाधड़ी और कूटरचित अभिलेखों के मामले में पुलिस-प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। अभियुक्त फूल मोहम्मद की करीब 1.08 करोड़ रुपये की संपत्ति कुर्क की गई है।

पुलिस के अनुसार, बैंक की विशेष आंतरिक ऑडिट रिपोर्ट में विभिन्न खातों से करीब 21.47 करोड़ रुपये के दुर्विनियोग का मामला सामने आया था। इस संबंध में कोतवाली नगर में मुकदमा दर्ज है।

न्यायालय के आदेश और जिलाधिकारी के निर्देश के अनुपालन में एसडीएम सदर को संपत्ति के प्रबंधन की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। इसी क्रम में एसडीएम सदर की राजस्व टीम और कोतवाली नगर पुलिस ने संयुक्त रूप से कुर्की की कार्रवाई की।

कुर्क की गई संपत्तियां गिर्द गोण्डा ग्रामीण, खिराभा सदर गोण्डा और लक्ष्मनपुर जाट क्षेत्र में स्थित हैं। इनका कुल अनुमानित मूल्य 1 करोड़ 8 लाख 8 हजार रुपये बताया गया है।

Related Articles

Back to top button