श्रावस्ती के धार्मिक-ऐतिहासिक स्थलों के भ्रमण पर निकले रेलकर्मी, 50 कर्मचारियों ने लिया हिस्सा

डीआरएम गौरव अग्रवाल की पहल, तनावमुक्ति के साथ आपसी सौहार्द और टीम भावना को बढ़ावा देने का प्रयास
लखनऊ। पूर्वोत्तर रेलवे, लखनऊ मंडल की ओर से बहराइच एवं आसपास के स्टेशनों पर विभिन्न विभागों में कार्यरत रेल कर्मचारियों के लिए श्रावस्ती में एक दिवसीय भ्रमण शिविर का आयोजन किया गया। मंडल रेल प्रबंधक गौरव अग्रवाल के मार्गदर्शन और वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी राजेश कुमार गुप्ता के नेतृत्व में आयोजित इस शिविर में 50 रेल कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।भ्रमण के दौरान कर्मचारियों ने श्रावस्ती के प्रमुख धार्मिक, ऐतिहासिक एवं पर्यटन स्थलों का दर्शन किया। इसमें जेतवन, सहेत-महेत, महा अंगुलिमाल गुफा, कच्ची कुटी, ओरझर थाई टेंपल, कोरियन टेंपल तथा दिगंबर जैन शंभूनाथ मंदिर सहित विभिन्न महत्वपूर्ण स्थल शामिल रहे। कर्मचारियों ने इन स्थलों के धार्मिक एवं ऐतिहासिक महत्व की जानकारी प्राप्त की। मंडल प्रशासन की ओर से भ्रमण के दौरान आवश्यक व्यवस्थाएं की गईं। वापसी यात्रा के समय सभी प्रतिभागियों को उपहार भी वितरित किए गए।तनाव से राहत और टीम भावना को बढ़ावा देना उद्देश्यमंडल रेल प्रबंधक गौरव अग्रवाल ने कहा कि इस एक दिवसीय भ्रमण शिविर का उद्देश्य रेल कर्मचारियों को कार्य की व्यस्तता और तनाव से कुछ समय के लिए राहत प्रदान करना, उन्हें ऐतिहासिक एवं धार्मिक धरोहरों से परिचित कराना तथा आपसी सौहार्द, भाईचारे और टीम भावना को प्रोत्साहित करना है।भ्रमण में शामिल कर्मचारियों ने मंडल प्रशासन की इस पहल की सराहना करते हुए इसे सुखद, ज्ञानवर्धक और यादगार अनुभव बताया। इस आयोजन से कर्मचारियों को कार्यस्थल की व्यस्त दिनचर्या से बाहर निकलकर एक-दूसरे के साथ समय बिताने और सांस्कृतिक विरासत को करीब से जानने का अवसर मिला।





