नेपाल के व्यापारियों को बड़ी राहत, नानपारा और नेपालगंज रोड से माल ढुलाई शुरू

पहली स्लीपर रेक से 1,285 टन माल का परिवहन, रेलवे को 8.75 लाख रुपये से अधिक की आय
बदलता स्वरूपलखनऊ। पूर्वोत्तर रेलवे, लखनऊ मंडल ने नेपाल और सीमावर्ती क्षेत्रों के व्यापारियों को बड़ी सुविधा देते हुए नानपारा एवं नेपालगंज रोड रेलवे स्टेशनों के गुड्स शेड को पूर्ण रेक से माल की लोडिंग-अनलोडिंग के लिए खोल दिया है। इससे व्यापारियों और उद्योग जगत को बड़ी मात्रा में माल की ढुलाई के लिए सुगम एवं किफायती रेल परिवहन का विकल्प मिलेगा।नेपालगंज रोड गुड्स शेड खुलने के बाद पहली बार कानपुर अनवरगंज से नेपालगंज रोड के लिए 20 बीआरएन वैगनों वाली स्लीपर रेक पहुंची। इस रेक से संबंधित माल की उतराई नानपारा स्टेशन पर सफलतापूर्वक पूरी की गई। इसके माध्यम से कुल 1,285.1 टन माल का परिवहन हुआ, जिससे रेलवे को 8,75,341 रुपये मालभाड़े की आय प्राप्त हुई। रेलवे प्रशासन के अनुसार, यह उपलब्धि सीमावर्ती क्षेत्र में माल परिवहन के विस्तार और रेलवे की आय बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। नई सुविधा से स्थानीय व्यापारियों, उद्योगों और माल ग्राहकों को बड़ी मात्रा में माल मंगाने और भेजने में सहूलियत मिलेगी।रेलवे प्रशासन ने नेपाल एवं सीमावर्ती क्षेत्रों के व्यापारियों से अपील की है कि वे नानपारा और नेपालगंज रोड गुड्स शेड की पूर्ण रेक सुविधा का अधिकाधिक लाभ उठाएं। इस पहल से क्षेत्र में व्यापारिक गतिविधियों को गति मिलने के साथ माल परिवहन की क्षमता बढ़ने की उम्मीद है।



