भैंस चोर गिरोह का भंडाफोड़, चार गिरफ्तार; छह भैंसें, पिकअप, दो बाइक और 20 हजार रुपये बरामद

गोण्डा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, कर्नलगंज समेत चार थाना क्षेत्रों की पशु चोरी की घटनाओं का खुलासा

गोण्डा। कर्नलगंज पुलिस, एसओजी और सर्विलांस की संयुक्त टीम ने भैंस चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से छह चोरी की भैंसें, एक पिकअप, दो मोटरसाइकिलें और 20 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं।गिरफ्तार आरोपियों की पहचान चांद बाबू और फुरकान निवासी आलापुर, बाराबंकी, गौतम निवासी मोहद्दीपुर, सीतापुर तथा दूबेराज उर्फ लक्ष्मण निवासी परवरभारी, बाराबंकी के रूप में हुई है।पुलिस के अनुसार, आरोपी दिन में गांवों में घूमकर पशुओं की रेकी करते थे और रात में भैंस चोरी कर झाड़ियों एवं नदी के कछार में छिपा देते थे। पर्याप्त संख्या में पशु एकत्र होने पर उन्हें पिकअप से दूसरे स्थानों पर ले जाकर बेच देते थे। पूछताछ में कर्नलगंज, परसपुर, कोतवाली देहात और खरगूपुर थाना क्षेत्रों में हुई चोरी की घटनाओं का खुलासा हुआ है।कार्रवाई के दौरान चार मुकदमों का अनावरण किया गया। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों में कुछ का पूर्व आपराधिक इतिहास भी सामने आया है।कार्रवाई करने वाली टीम: थानाध्यक्ष अभय सिंह, एसओजी प्रभारी आशुतोष सिंह, सर्विलांस प्रभारी मनीष कुमार, उपनिरीक्षक अक्षय कुमार मिश्र, अंकित सिंह, गौरव सिंह और अजय कुमार यादव सहित पुलिस टीम शामिल रही।

Related Articles

Back to top button