पूर्वोत्तर रेलवे ने सात श्रवण बाधित कर्मचारियों को बांटी हियरिंग एड मशीनें

डीआरएम गौरव अग्रवाल की पहल, कर्मचारी कल्याण निधि से उपलब्ध कराई गई सहायता
लखनऊ, 28 अक्टूबर। पूर्वोत्तर रेलवे के लखनऊ मंडल ने कर्मचारी कल्याण की दिशा में पहल करते हुए सात श्रवण बाधित कर्मचारियों को हियरिंग एड मशीनें वितरित कीं। मंडल रेल प्रबंधक गौरव अग्रवाल ने मंडल कार्यालय के गंगोत्री सभागार में कर्मचारियों को मशीनें प्रदान कीं। इनमें तीन कर्मचारियों को एक कान और चार कर्मचारियों को दोनों कानों के लिए मशीनें दी गईं।लाभान्वित कर्मचारियों में राजेश कुमार (सहायक, सिग्नल, ऐशबाग), राज कुमार महतो (सहायक, टीआरडी, शोहरतगढ़), राम कुमार सिंह (सहायक, टीआरडी, लखनऊ), योगेन्द्र प्रसाद (एचकेए, चिकित्सालय सीतापुर), नन्हें लाल (टेक्नीशियन, कैरेज एंड वैगन, सीतापुर), सुधीर कुमार (टेक्नीशियन, बस्ती) और अजय सिंह (सहायक, टीएल, लखनऊ) शामिल हैं।एक कान की मशीन की कीमत 8,500 रुपये तथा दोनों कानों की मशीनों की कीमत 17,000 रुपये है। डीआरएम गौरव अग्रवाल ने कहा कि इस पहल का उद्देश्य कर्मचारियों को बेहतर श्रवण सुविधा उपलब्ध कराकर उनके कार्य और दैनिक जीवन को सहज बनाना है। कर्मचारियों ने रेल प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधीक्षक रमेश चन्द्र, अपर मंडल रेल प्रबंधक भुवनेश सिंह, अपर मंडल रेल प्रबंधक नीतू, वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी राजेश कुमार गुप्ता सहित कर्मचारी यूनियनों के पदाधिकारी एवं रेलकर्मी उपस्थित रहे।



