त्योहारों को लेकर अलर्ट मोड में नानपारा पुलिस, सीमावर्ती इलाकों में बढ़ाई गई गश्त
पूर्वोत्तर रेलवे लखनऊ मंडल में ‘सत्यनिष्ठा से समृद्धि’ थीम पर सतर्कता सेमिनार आयोजित, अधिकारियों और कर्मचारियों को दिलाया जिम्मेदारी का अहसास।
लखनऊ पूर्वोत्तर रेलवे लखनऊ मंडल कार्यालय के गंगोत्री सभागार में शुक्रवार को ‘सत्यनिष्ठा से समृद्धि’ थीम पर सतर्कता सेमिनार का आयोजन किया गया। केंद्रीय सतर्कता आयोग के निर्देश पर 26 अक्टूबर से एक नवंबर तक मनाए जा रहे सतर्कता जागरूकता सप्ताह के तहत आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता वरिष्ठ उप महाप्रबंधक एवं मुख्य सतर्कता अधिकारी आदर्श खरे ने की।
इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक गौरव अग्रवाल, अपर मंडल रेल प्रबंधक भुवनेश सिंह, अपर मंडल रेल प्रबंधक नीतू तथा विभिन्न विभागों के शाखाधिकारी मौजूद रहे।
आदर्श खरे ने अधिकारियों और कर्मचारियों को संबोधित करते हुए कहा कि नौकरी के पहले दिन से ही सतर्कता और ईमानदारी को कार्यशैली का हिस्सा बनाना जरूरी है। सभी अधिकारी रेलवे बोर्ड के नियमों और दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए टेंडर, अनुबंध, अभिलेखों और दस्तावेजों के सत्यापन की नियमित निगरानी करें। भ्रष्टाचार में संलिप्त पाए जाने वालों के विरुद्ध त्वरित कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने आईआरवीएम-2018 के विभिन्न प्रावधानों की जानकारी भी दी।
वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी राजेश कुमार गुप्ता ने पावर प्वाइंट प्रस्तुति के माध्यम से मंडल की गतिविधियों की जानकारी दी। इसके बाद मुख्य सतर्कता अधिकारी ने ऐशबाग स्थित कोचिंग डिपो में विद्युत एवं कैरेज एंड वैगन विभाग के पर्यवेक्षकों के साथ बैठक कर कार्यों के समयबद्ध और नियमानुसार निस्तारण पर जोर दिया।कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी, पर्यवेक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।



