मिशन शक्ति अभियान के तहत महिलाओं और बालिकाओं को किया जागरूक, साइबर ठगी से बचाव के बताए तरीके

श्रावस्ती ब्यूरो के राजकुमार की रिपोर्ट

महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलम्बन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से श्रावस्ती पुलिस द्वारा मिशन शक्ति फेज-6.0 के तहत जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक राहुल भाटी के निर्देशन एवं अपर पुलिस अधीक्षक चंद्रकेश सिंह के पर्यवेक्षण में जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों में मिशन शक्ति और एंटी रोमियो टीमों द्वारा महिलाओं एवं बालिकाओं को उनके अधिकारों और सुरक्षा के प्रति जागरूक किया जा रहा है।इसी क्रम में शक्ति मोबाइल टीम में तैनात महिला आरक्षी प्रिया मिश्रा, सरिता जायसवाल एवं शांति शुक्ला ने थाना सिरसिया क्षेत्र के ग्राम अमरहवा, बादलपुर तथा इंद्रप्रस्थ नीलम विद्यापीठ विष्णुपुर में जागरूकता अभियान चलाया। इस दौरान महिलाओं एवं बालिकाओं से संवाद कर उन्हें महिला सुरक्षा, सम्मान, स्वावलम्बन और शासन द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई।अभियान के दौरान महिलाओं को ऑनलाइन धोखाधड़ी, फर्जी कॉल, ओटीपी ठगी, बैंकिंग संबंधी गोपनीय जानकारी साझा करने के खतरे, फर्जी लिंक और सोशल मीडिया के दुरुपयोग के प्रति सचेत किया गया। पुलिस टीम ने अनजान व्यक्तियों के साथ ओटीपी, पासवर्ड और बैंक खाते से जुड़ी जानकारी साझा नहीं करने की अपील की। साइबर अपराध की स्थिति में हेल्पलाइन नंबर 1930 और वेबसाइट cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराने की जानकारी भी दी गई।इसके साथ ही महिलाओं एवं बालिकाओं को छेड़छाड़, घरेलू हिंसा और महिला उत्पीड़न जैसी घटनाओं के विरुद्ध आवाज उठाने तथा किसी भी विषम परिस्थिति में बिना भय के पुलिस की सहायता लेने के लिए प्रेरित किया गया।पुलिस टीम ने महिला सुरक्षा से संबंधित हेल्पलाइन नंबरों 1090 (वीमेन पावर लाइन), 112 (पुलिस आपातकालीन सेवा), 181 (महिला हेल्पलाइन), 1098 (चाइल्ड हेल्पलाइन) एवं 1930 (साइबर अपराध हेल्पलाइन) की जानकारी देकर उनके उपयोग के बारे में बताया।श्रावस्ती पुलिस के अनुसार मिशन शक्ति फेज-6.0 के तहत महिलाओं एवं बालिकाओं को सुरक्षित, सम्मानजनक और भयमुक्त वातावरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जनपदव्यापी जागरूकता अभियान लगातार जारी रहेगा।

Related Articles

Back to top button