पीएम सूर्यघर योजना का लक्ष्य शत-प्रतिशत पूरा करें अधिकारी : जिलाधिकारी

श्रावस्ती ब्यूरो के राजकुमार की रिपोर्ट

बैंकों को अधिक से अधिक ऋण आवेदन स्वीकृत करने के निर्देश, बिना ठोस कारण आवेदन निरस्त न करने की हिदायत जिलाधिकारी अन्नपूर्णा गर्ग की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर संबंधित अधिकारियों, बैंक शाखा प्रबंधकों एवं वेंडरों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों और बैंकों को आपसी समन्वय एवं सहभागिता के साथ निर्धारित लक्ष्य शत-प्रतिशत पूरा करने के निर्देश दिए।जिलाधिकारी ने परियोजना अधिकारी यूपीनेडा को योजना की प्रगति में तेजी लाने तथा सभी वेंडरों के लिए लक्ष्य निर्धारित कर प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने बैंक शाखा प्रबंधकों से कहा कि अधिक से अधिक ऋण आवेदनों को स्वीकृत कर पात्र लाभार्थियों को योजना का लाभ दिलाया जाए। किसी भी आवेदन को बिना ठोस कारण के निरस्त न किया जाए।उन्होंने बिजली विभाग के अधिकारियों को स्मार्ट मीटर के कारण आ रही बिजली बिल संबंधी शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण करने के निर्देश दिए। वहीं, वेंडरों को ऋण स्वीकृत होने के बाद रूफटॉप सोलर प्लांट लगाने का कार्य निर्धारित समयसीमा में पूरा करने को कहा, ताकि अधिक से अधिक जनपदवासी योजना से लाभान्वित हो सकें।जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से अपील की कि वे रूफटॉप सोलर प्लांट लगवाने के लिए केवल यूपीनेडा में पंजीकृत वेंडरों का ही चयन करें और वेंडर चुनते समय पूरी सावधानी बरतें। उन्होंने स्पष्ट किया कि योजना के निर्धारित लक्ष्य को शत-प्रतिशत पूरा करने के लिए सभी संबंधित अधिकारी जिम्मेदारी के साथ कार्य करें।जिलाधिकारी ने बताया कि योजना के तहत सोलर प्लांट लगवाने में किसी भी प्रकार की समस्या आने पर उसके समाधान के लिए जनपद स्तर पर उपजिलाधिकारी प्रवीण यादव को नोडल अधिकारी नामित किया गया है।बैठक में उपजिलाधिकारी प्रवीण यादव, अग्रणी जिला प्रबंधक जुगल किशोर, परियोजना अधिकारी यूपीनेडा, व्यापार मंडल के दीनानाथ गुप्ता, विभिन्न बैंकों के शाखा प्रबंधक, वेंडर एवं अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button