श्रीराम कथा की तैयारियों का डीएम ने लिया जायजा, ढाई लाख श्रद्धालुओं के लिए बनेगा भव्य पंडाल

17 से 25 नवंबर तक जयप्रभा ग्राम में होगी नौ दिवसीय कथा, 15 से 30 नवंबर तक मिलेगी 24 घंटे निर्बाध बिजली
गोंडा। मेहनौन विधानसभा क्षेत्र के जयप्रभा ग्राम, महाराजगंज में 17 से 25 नवंबर तक आयोजित होने वाली नौ दिवसीय भव्य श्रीराम कथा महोत्सव की तैयारियां तेज हो गई हैं। परम पूज्य महंत आलोक दास जी महाराज के सानिध्य में आयोजित कथा में अंतरराष्ट्रीय कथावाचक राजन जी महाराज श्रीराम कथा का रसपान कराएंगे।शुक्रवार को मेहनौन विधायक विनय कुमार द्विवेदी, जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन एवं मुख्य विकास अधिकारी दयानंद प्रसाद ने कथा स्थल का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया। डीएम ने अधिकारियों को श्रद्धालुओं के आवागमन, पेयजल, साफ-सफाई, पार्किंग, सुरक्षा एवं बैठने की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।श्री श्यामा श्याम जू ट्रस्ट एवं श्री चित्रकूट बालाजी ट्रस्ट के संयुक्त तत्वावधान में होने वाले इस आयोजन में करीब ढाई लाख श्रद्धालुओं के बैठने की क्षमता वाला भव्य पंडाल तैयार किया जा रहा है। कथा के समापन के बाद 26 एवं 27 नवंबर को सांस्कृतिक कार्यक्रम तथा 28 नवंबर को विशाल भंडारे का आयोजन होगा।15 से 30 नवंबर तक मिलेगी 24 घंटे बिजलीश्रद्धालुओं की सुविधा को देखते हुए बिजली विभाग ने 15 से 30 नवंबर तक आयोजन स्थल एवं आसपास के क्षेत्र में निर्बाध विद्युत आपूर्ति की व्यवस्था की है। इसके लिए 11 केवी बलरामपुर ग्रामीण फीडर को कटौती मुक्त रखने की स्वीकृति दी गई है।प्रशासन एवं आयोजन समिति द्वारा तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है, जिससे देशभर से आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।



