सड़क हादसे में घायल पुलिसकर्मियों का हाल जानने जिला अस्पताल पहुंचे डीआईजी अशोक कुमार

गंभीर रूप से घायल आरक्षी सुनील कुमार साहू मेदांता अस्पताल में भर्ती, दूसरे आरक्षी विजय कुमार को उपचार के बाद मिली छुट्टी
गोंडा। सड़क दुर्घटना में घायल थाना कटरा बाजार में तैनात दो पुलिसकर्मियों के स्वास्थ्य की जानकारी लेने के लिए पुलिस उपमहानिरीक्षक देवीपाटन परिक्षेत्र अशोक कुमार ने जिला अस्पताल पहुंचकर उनका हालचाल लिया। उन्होंने चिकित्सकों से उपचार की जानकारी प्राप्त की और घायल पुलिसकर्मियों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।प्राप्त जानकारी के अनुसार, 13 नवंबर की शाम करीब छह बजे थाना कटरा बाजार में तैनात आरक्षी सुनील कुमार साहू और आरक्षी विजय कुमार सरकारी कार्य से क्षेत्र से वापस लौट रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रही एक मोटरसाइकिल से उनकी मोटरसाइकिल की टक्कर हो गई। हादसे में दोनों पुलिसकर्मी घायल हो गए। घटना के बाद उन्हें तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।घटना की जानकारी मिलते ही डीआईजी अशोक कुमार रात में ही जिला अस्पताल पहुंचे और घायल पुलिसकर्मियों के स्वास्थ्य की जानकारी लेते हुए उनके समुचित उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। गंभीर रूप से घायल आरक्षी सुनील कुमार साहू की हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें उच्च चिकित्सा संस्थान के लिए रेफर कर दिया, जहां वर्तमान में उनका उपचार मेदांता अस्पताल में चल रहा है। उनके उपचार और देखभाल के लिए थाना कटरा बाजार से एक उपनिरीक्षक एवं एक आरक्षी को तैनात किया गया है। उनके परिजन भी अस्पताल में मौजूद हैं।वहीं, आरक्षी विजय कुमार को जिला अस्पताल में उपचार के बाद चिकित्सकीय अवकाश पर घर भेज दिया गया है।डीआईजी ने प्रभारी निरीक्षक कटरा बाजार को निर्देशित किया है कि आरक्षी सुनील कुमार साहू के स्वास्थ्य एवं उपचार की निरंतर जानकारी लेते रहें। अस्पताल में तैनात पुलिसकर्मियों के माध्यम से चिकित्सकों और परिजनों से समन्वय बनाए रखते हुए हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने घायल पुलिसकर्मियों और उनके परिजनों को सभी आवश्यक सुविधाएं एवं सहायता उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए।



