डीआईजी अशोक कुमार ने इटियाथोक में सुनीं जनसमस्याएं, खरगूपुर थाने में पुलिसकर्मियों की कार्यप्रणाली परखी

समाधान दिवस में शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण पर जोर, पुलिसकर्मियों को शालीन व्यवहार और नियमित बीट भ्रमण के निर्देश

गोंडा। पुलिस उपमहानिरीक्षक देवीपाटन परिक्षेत्र गोंडा अशोक कुमार ने शनिवार को जनपद के भ्रमण के दौरान थाना इटियाथोक में आयोजित थाना समाधान दिवस में जनसुनवाई कर फरियादियों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को शिकायतों का निष्पक्ष, पारदर्शी एवं समयबद्ध तरीके से गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके बाद डीआईजी ने थाना खरगूपुर पहुंचकर समस्त पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ बैठक की और थाने की कार्यप्रणाली की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।इटियाथोक थाने में आयोजित समाधान दिवस के दौरान डीआईजी ने कहा कि शासन की प्राथमिकता आमजन की समस्याओं का त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित करना है। इसके लिए पुलिस एवं राजस्व विभाग की संयुक्त टीमें आपसी समन्वय और सहयोग के साथ शिकायतों का निस्तारण करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि शिकायतों का निस्तारण केवल औपचारिकता तक सीमित न रहे, बल्कि निष्पक्ष एवं तथ्यात्मक जांच के आधार पर शिकायतकर्ता की संतुष्टि सुनिश्चित की जाए।उन्होंने सभी पुलिसकर्मियों को अपनी आवंटित बीट में नियमित भ्रमण करने तथा आमजन से निरंतर संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुनने के निर्देश दिए। लापरवाही पाए जाने पर संबंधित पुलिसकर्मी के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की चेतावनी भी दी।इसके उपरांत थाना खरगूपुर में आयोजित बैठक में डीआईजी ने पुलिसकर्मियों के आचरण, व्यवहार कुशलता और आमजन के प्रति संवेदनशीलता की समीक्षा की। उन्होंने निर्देशित किया कि थाने पर आने वाले प्रत्येक फरियादी की शिकायत सम्मानपूर्वक और गंभीरता से सुनी जाए तथा निष्पक्ष जांच के बाद नियमानुसार प्रभावी कार्रवाई की जाए। पुलिस का व्यवहार सदैव शालीन, मर्यादित एवं सहयोगात्मक होना चाहिए, जिससे आमजन में पुलिस के प्रति विश्वास और सुरक्षा की भावना मजबूत हो।डीआईजी ने थाना समाधान दिवस में प्राप्त शिकायतों की भी जानकारी ली और बीट दरोगा एवं बीट आरक्षियों को प्रार्थना पत्रों का शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने के निर्देश दिए। उन्होंने क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने, अपराध एवं अराजक गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने तथा गांवों में नियमित भ्रमण कर जनता से सीधा संवाद स्थापित करने पर विशेष जोर दिया।उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पूर्ण निष्ठा, ईमानदारी और जवाबदेही के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने की हिदायत देते हुए कहा कि पुलिस की कार्यप्रणाली में संवेदनशीलता, पारदर्शिता और जनसेवा की भावना सर्वोपरि होनी चाहिए।

Related Articles

Back to top button