बलरामपुर में गूंजेगा भगवान सहस्रबाहु अर्जुन का जयघोष, जन्मोत्सव में जुटेगा जायसवाल समाज का महासंगम

कोयंबटूर से पहुंचेंगे अखिल भारतीय जायसवाल सर्ववर्गीय महासभा के राष्ट्रीय संयोजक, पूर्व मंत्री एवं बहराइच सदर विधायक अनुपमा जायसवाल समेत कई दिग्गज विभूतियों की रहेगी गरिमामयी मौजूदगी

बदलता स्वरूप | बलरामपुर। भगवान राजराजेश्वर सहस्रबाहु अर्जुन जी के जन्मोत्सव को भव्य एवं ऐतिहासिक स्वरूप देने के लिए जायसवाल समाज जिला बलरामपुर ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जन्मोत्सव समारोह के माध्यम से समाज की एकता, संगठन और सामाजिक शक्ति का विराट प्रदर्शन करने की तैयारी है। आयोजन में देश और प्रदेश की कई प्रतिष्ठित सामाजिक, राजनीतिक एवं व्यावसायिक विभूतियों की मौजूदगी कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण होगी।इस भव्य आयोजन में अखिल भारतीय जायसवाल (सर्ववर्गीय) महासभा के राष्ट्रीय संयोजक विशेष रूप से कोयंबटूर से बलरामपुर पहुंचकर सहभागिता करेंगे। वहीं उत्तर प्रदेश सरकार की पूर्व मंत्री एवं भाजपा की बहराइच सदर विधायक अनुपमा जायसवाल भी अपनी गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराएंगी। इनके अतिरिक्त समाज की अनेक प्रतिष्ठित हस्तियों के शामिल होने की संभावना से आयोजन को राष्ट्रीय स्तर की पहचान मिलने की उम्मीद है।जायसवाल समाज जिला बलरामपुर की ओर से तुलसीपुर, गैसड़ी, उतरौला, पचपेड़वा, हरैया, शिवपुरा, मथुरा, चावर खाता मंडल सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले समाज के प्रत्येक परिवार तक आमंत्रण पहुंचाने की अपील की गई है। बुजुर्गों, माताओं-बहनों, युवाओं और बच्चों को सपरिवार कार्यक्रम में शामिल होने के लिए विशेष रूप से आमंत्रित किया जा रहा है।आयोजकों का कहना है कि यह समारोह केवल कुलदेवता का जन्मोत्सव मनाने तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि समाज के ग्रामीण और शहरी परिवारों को एक मंच पर लाकर आपसी प्रेम, भाईचारे और सामाजिक एकजुटता को नई मजबूती देने का माध्यम बनेगा। साथ ही नई पीढ़ी को भगवान सहस्रबाहु अर्जुन के गौरवशाली इतिहास, परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत से परिचित कराने का भी प्रयास किया जाएगा।समाज के पदाधिकारियों ने स्वजातीय बंधुओं से आह्वान किया है कि वे आपसी मतभेद भुलाकर अधिक से अधिक संख्या में आयोजन में पहुंचें और समाज की एकता का परिचय दें। उनका मानना है कि संगठित समाज ही अपनी सामाजिक पहचान, सम्मान और अधिकारों को मजबूती के साथ स्थापित कर सकता है।जायसवाल समाज जिला बलरामपुर के जिला अध्यक्ष एवं समस्त जिला कार्यकारिणी ने सभी स्वजातीय परिवारों से इस आयोजन को ऐतिहासिक बनाने में सहयोग की अपील की है।

Related Articles

Back to top button