मिनी कुंभ की तर्ज पर सजेगा श्रीराम कथा महोत्सव, संतों और वीआईपी के लिए मंगाया गया हेलीकॉप्टर

100 से अधिक संतों के ठहरने को बन रहे विशेष कॉटेज, 200 बटुकों के आवास, भोजन और सुरक्षा की होगी विशेष व्यवस्था

गोंडा। जयप्रभा ग्राम में 17 से 25 नवंबर तक आयोजित होने वाले नौ दिवसीय श्रीराम कथा महोत्सव को भव्य और दिव्य स्वरूप देने की तैयारियां तेजी से चल रही हैं। आयोजन को मिनी कुंभ की तर्ज पर आयोजित करने की योजना है। देश-विदेश से आने वाले संत-महात्माओं और विशिष्ट अतिथियों की सुविधा के लिए हेलीकॉप्टर की व्यवस्था की गई है। वहीं, 100 से अधिक संतों के ठहरने के लिए विशेष कॉटेज तैयार कराए जा रहे हैं।

आयोजन स्थल पर संतों के आवास के लिए अलग-अलग कॉटेज बनाए जा रहे हैं। इसके साथ ही 200 बटुकों के रहने की व्यवस्था की जा रही है। संतों की सुविधा को देखते हुए कुछ होटलों में भी कमरे आरक्षित कराए गए हैं। श्रद्धालुओं की संभावित भारी भीड़ को देखते हुए कथा परिसर को भव्य रूप दिया जा रहा है। संतों के भोजन, आवास, सुरक्षा और श्रद्धालुओं के बैठने सहित सभी व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

इसी क्रम में आयोजन अध्यक्ष एवं श्री चित्रकूट बालाजी ट्रस्ट तथा श्री श्यामा श्याम जू ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत आलोक दास महाराज तथा अयोध्या के रामवल्लभा कुंज के अधिकारी डॉ. राजकुमार दास हेलीकॉप्टर से जयप्रभा ग्राम पहुंचे। दोनों ने चिन्मय ग्रामोदय विद्या मंदिर इंटर कॉलेज परिसर स्थित कथा स्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान महंत आलोक दास महाराज ने आयोजन की तैयारियों और प्रस्तावित व्यवस्थाओं की विस्तार से जानकारी दी।

निरीक्षण के दौरान संतों के ठहरने, भोजन, सुरक्षा, श्रद्धालुओं के बैठने तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। डॉ. राजकुमार दास ने सभी व्यवस्थाएं निर्धारित समय सीमा के भीतर पूर्ण कराने के निर्देश दिए।

इस अवसर पर भाजपा विधायक अजय सिंह, अकबाल बहादुर तिवारी, मेहनौन विधायक विनय कुमार द्विवेदी, तरबगंज विधायक प्रेम नारायण पांडेय, मनकापुर विधायक रमापति शास्त्री, गौरा विधायक प्रभात वर्मा, तुलसीपुर विधायक कैलाशनाथ शुक्ल, रघु बाबा समाजसेवी संस्थान के अध्यक्ष राजकुमार उर्फ गोली दुबे, ओंकार दास महाराज सहित अनेक साधु-संत और महंत मौजूद रहे। सभी ने कथा स्थल का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया और आवश्यक व्यवस्थाओं की जानकारी ली।

नौ दिवसीय इस आयोजन में संतों, विशिष्ट अतिथियों और श्रद्धालुओं की बड़ी भागीदारी को देखते हुए जयप्रभा ग्राम में व्यापक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं।

Related Articles

Back to top button