ट्रेन से गिरकर अज्ञात व्यक्ति की मौत, शिनाख्त में जुटी पुलिस
जरवलरोड, बहराइच।
शनिवार को जरवल रोड थाना क्षेत्र के अंतर्गत भीखमपुरवा पारा परशुरामपुर के पास रेलवे ट्रैक पर एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से हड़कंप मच गया। व्यक्ति की मौत ट्रेन से गिरने से हुई बताई जा रही है।
रेलवे स्टेशन जरवलरोड से पुलिस को मेमो प्राप्त हुआ कि भीखमपुरवा पारा परशुरामपुर के पास अप एवं डाउन रेलवे ट्रैक के बीच एक व्यक्ति का शव पड़ा है। सूचना मिलते ही जरवलरोड पुलिस मौके पर पहुंच गई और शव को कब्जे में ले लिया।
मृतक की उम्र करीब 35-40 वर्ष बताई जा रही है। उसकी पहचान अभी नहीं हो पाई है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर शव की शिनाख्त के प्रयास में जुटी है।
थाना प्रभारी जरवलरोड ने बताया कि प्रथम दृष्टया मौत ट्रेन से गिरने से हुई प्रतीत हो रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। क्षेत्र में शांति व्यवस्था कायम है। अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।



