दिव्यांग बुजुर्ग की जमीन पर अवैध कब्जे की शिकायत पर डीआईजी सख्त, अधिवक्ता से फोन पर की वार्ता

डीआईजी अशोक कुमार ने संबंधित अधिकारियों को कार्रवाई के निर्देश दिए, पीड़ित को हरसंभव सहायता और न्याय दिलाने का दिया भरोसा
बदलता स्वरूप | गोण्डा देवीपाटन परिक्षेत्र के पुलिस उपमहानिरीक्षक अशोक कुमार ने जनसुनवाई के दौरान दिव्यांग बुजुर्ग की कृषि भूमि पर कथित अवैध कब्जे की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए तत्काल संज्ञान लिया। उन्होंने पीड़ित की समस्या के समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। साथ ही पीड़ित के अधिवक्ता से फोन पर वार्ता कर प्रभावी पैरवी और हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया।जानकारी के अनुसार, सोमवार को शिविर कार्यालय में आयोजित जनसुनवाई के दौरान ग्राम महाराजगंज, थाना खोड़ारे, जनपद गोण्डा निवासी दिव्यांग बुजुर्ग काशीराम वर्मा पुत्र रामनिधि ने डीआईजी के समक्ष प्रार्थना पत्र प्रस्तुत किया। उन्होंने आरोप लगाया कि गांव के ही सुनील पुत्र शिवपूजन और उनके परिवार के अन्य सदस्यों ने उनकी कृषि योग्य भूमि पर अवैध कब्जा कर लिया है।पीड़ित के अनुसार, जब भी वह अपनी जमीन पर फसल की बुवाई करने का प्रयास करते हैं, तो विपक्षियों द्वारा लाठी-डंडों से मारपीट करने की धमकी दी जाती है। इसके चलते वह अपनी ही जमीन पर खेती नहीं कर पा रहे हैं। उन्होंने यह भी बताया कि उक्त भूमि का सीमांकन पूर्व में कराया जा चुका है।मामले की गंभीरता और बुजुर्ग की परेशानी को देखते हुए डीआईजी अशोक कुमार ने तत्काल संबंधित अधिकारियों से पत्राचार कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके साथ ही उन्होंने पीड़ित के अधिवक्ता से दूरभाष पर बातचीत कर मामले में प्रभावी विधिक पैरवी सुनिश्चित कराने तथा पीड़ित को न्याय दिलाने के लिए हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।डीआईजी ने स्पष्ट किया कि जनसुनवाई में प्राप्त प्रत्येक शिकायत का गंभीरता से संज्ञान लेकर पीड़ितों को न्याय दिलाना और उनकी समस्याओं का नियमानुसार त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण कराना पुलिस की प्राथमिकता है।



