मंडलायुक्त दुर्गा शक्ति नागपाल की पहल से ‘परंपरा से पोषण’ अभियान को गति, 796 बच्चों को मिला पोषण का उपहार

श्रावस्ती में 225 अतिकुपोषित बच्चों एवं उनकी माताओं को बांटी गई लोहे की कड़ाही और पोषण किट, पारंपरिक खानपान अपनाने पर जोर

श्रावस्ती। मातृ एवं शिशु पोषण स्तर में सुधार लाने और पारंपरिक पौष्टिक खानपान को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मंडलायुक्त देवीपाटन मंडल दुर्गा शक्ति नागपाल की पहल पर संचालित ‘परंपरा से पोषण’ अभियान के तहत श्रावस्ती में पोषण सामग्री वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें 225 अतिकुपोषित बच्चों एवं उनकी माताओं को लोहे की कड़ाही और पोषण किट वितरित की गई।

कार्यक्रम में विधायक राम फेरन पाण्डेय, भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. मिश्रीलाल वर्मा, जिलाधिकारी मनोज कुमार राय, मुख्य विकास अधिकारी शिशिर कुमार सिंह एवं जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि सुनील तिवारी सहित अन्य जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने लाभार्थियों को पोषण सामग्री प्रदान की।

पोषण किट में गुड़, भुना चना, सत्तू जैसे स्थानीय पौष्टिक खाद्य पदार्थों के साथ कैल्शियम, ओआरएस-जिंक तथा पोषक तत्वों से युक्त फोर्टिफाइड टेक होम राशन भी दिया गया। अभियान के तहत माताओं को पारंपरिक खानपान अपनाने और बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया गया।

विधायक राम फेरन पाण्डेय ने कहा कि मातृ एवं शिशु पोषण स्वस्थ समाज की आधारशिला है। वहीं जिलाधिकारी मनोज कुमार राय ने कहा कि अभियान का उद्देश्य पारंपरिक खाद्य परंपराओं को पुनर्जीवित कर महिलाओं एवं बच्चों को पौष्टिक आहार के प्रति जागरूक करना है। लोहे की कड़ाही में भोजन बनाने से आहार में आयरन की मात्रा बढ़ाने में मदद मिल सकती है। उन्होंने अधिकारियों को लाभार्थियों का नियमित फॉलोअप करने और अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए।

मुख्य विकास अधिकारी शिशिर कुमार सिंह ने कहा कि आंगनबाड़ी एवं स्वास्थ्य विभाग के समन्वय से बच्चों का नियमित स्वास्थ्य परीक्षण, निगरानी और माताओं को पोषण संबंधी परामर्श उपलब्ध कराया जा रहा है।

मंडल में 796 लाभार्थियों को मिला लाभ

मंडलायुक्त दुर्गा शक्ति नागपाल की पहल पर अब तक गोण्डा में 250, बहराइच में 296 और श्रावस्ती में 250 लाभार्थियों को पोषण सामग्री वितरित की जा चुकी है। इस प्रकार मंडल में कुल 796 लाभार्थी लाभान्वित हुए हैं। वहीं बलरामपुर में 26 नवंबर को 250 लाभार्थियों को पोषण सामग्री वितरित की जाएगी।

कार्यक्रम में संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में लाभार्थी माताएं एवं बच्चे मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button