कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से न रहे वंचित : डीएम रमेश रंजन

राजनीतिक दल अपने बूथ लेवल एजेंटों के माध्यम से पात्र नागरिकों का फार्म-6 भरवाने में करें सहयोग

गोण्डा, 25 नवंबर। विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान के तहत निर्वाचक नामावली को शुद्ध, पारदर्शी एवं अद्यतन बनाने के लिए जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी रमेश रंजन की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय एवं राज्यीय राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की गई।

बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि पुनरीक्षण अभियान के दौरान कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे। निर्वाचन आयोग का उद्देश्य प्रत्येक अर्ह नागरिक को मतदाता सूची में शामिल करने के साथ निर्वाचक नामावली को त्रुटिरहित बनाना है।

उन्होंने राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों से अपील की कि वे अपने-अपने बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) के माध्यम से पात्र एवं छूटे हुए मतदाताओं को चिह्नित कराएं और नए मतदाताओं का फार्म-6 भरवाने में सक्रिय सहयोग करें। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची में नाम शामिल कराने के लिए नागरिकों को जागरूक करना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

जिलाधिकारी ने पुनरीक्षण कार्य से जुड़े अधिकारियों एवं राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को आपसी समन्वय के साथ निर्धारित समयसीमा में कार्य पूरा करने तथा प्राप्त दावों एवं आपत्तियों का नियमानुसार निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए प्रत्येक पात्र नागरिक का मतदाता सूची में नाम दर्ज होना जरूरी है। इस अभियान को सफल बनाने के लिए प्रशासन, निर्वाचन तंत्र और राजनीतिक दलों को मिलकर जिम्मेदारी निभानी होगी।

Related Articles

Back to top button