बच्चों ने विधिक सेवा जागरूकता दिवस पर लोगों को किया जागरूक

नितिश कुमार तिवारी

बदलता स्वरूप जमुनहा, श्रावस्ती। जनपद में जमुनहा विकास खण्ड के अंतर्गत पीएम श्री विद्यालय जमुनहा के छात्रों द्वारा शनिवार को विधिक सेवा जागरूकता दिवस के अवसर पर जागरूकता रैली निकालकर लोगों को अपने अधिकारों और विधिक सेवाओं के बारे में जानकारी दी। इस रैली का उद्देश्य आम जनता को न्याय और विधिक अधिकारों के प्रति जागरूक करना था, ताकि जरूरतमंद लोग सही समय पर न्याय प्राप्त कर सकें। विद्यालय के प्रधानाचार्य आलोक कुमार गुप्ता ने इस कार्यक्रम का उद्घाटन करते हुए विधिक सेवा की आवश्यकता पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि विधिक सेवा का मुख्य उद्देश्य समाज के कमजोर वर्गों को मुफ्त कानूनी सहायता प्रदान करना है। छात्रों ने इस अवसर पर न्याय सबका अधिकार है विधिक सहायता लें और अपने अधिकारों का संरक्षण करें जैसे नारों से लोगों को जागरूक किया। रैली में शामिल छात्रों ने क्षेत्र में घूम-घूमकर निवासियों को विभिन्न स्लोगन से जानकारी दी कि किस प्रकार वे मुफ्त विधिक सहायता का लाभ ले सकते हैं। इस दौरान विद्यालय के शिक्षक व छात्र-छात्राओं ने बढ़ चढ़कर हिस्सा लिया।

Related Articles

Back to top button