मिट्टी जांच के बाद ही करें उर्वरक और कीटनाशक का प्रयोग

रामजन्म तिवारी
गोण्डा। बेलसर ब्लॉक क्षेत्र के लौव्वा टेपरा स्थित कृषि सेवा केंद्र के सीईओ कुलदीप मिश्रा ने किसानों को उर्वरक, पेस्टीसाइड और कीटनाशक दवाओं के संतुलित उपयोग की सलाह दी। उन्होंने कहा कि किसान फसल में किसी भी प्रकार के रासायनिक उर्वरक अथवा कीटनाशक का प्रयोग मिट्टी की जांच कराने के बाद ही करें। मृदा परीक्षण से खेत में मौजूद पोषक तत्वों की स्थिति का पता चलता है और उसी के आधार पर फसल के लिए आवश्यक खाद एवं उर्वरक की मात्रा तय की जा सकती है। उन्होंने कहा कि बिना जरूरत अधिक मात्रा में रासायनिक खाद और कीटनाशकों के प्रयोग से मिट्टी की उर्वरता प्रभावित होने के साथ उत्पादन लागत भी बढ़ती है। किसानों को जैविक खाद और जैव उर्वरकों के प्रयोग को बढ़ावा देना चाहिए। कीटनाशक दवाओं का छिड़काव भी कृषि विशेषज्ञों की सलाह और निर्धारित मात्रा के अनुसार ही किया जाए। इससे मिट्टी की गुणवत्ता, फसल उत्पादन और किसानों की आय को बेहतर बनाए रखने में मदद मिलेगी।

Related Articles

Back to top button