अंडर-19 टीम की कप्तानी मिलने पर लक्ष्य रायचंदानी का सम्मान
लायंस क्लब गोण्डा सेवा ने आवास पहुंचकर भेंट किया स्मृतिचिह्न, कहा—लक्ष्य की सफलता जिले के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत

लायंस क्लब गोण्डा सेवा ने आवास पहुंचकर भेंट किया स्मृतिचिह्न, कहा—लक्ष्य की सफलता जिले के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत
बदलता स्वरूप
गोण्डा। भारतीय अंडर-19 क्रिकेट टीम की कप्तानी की जिम्मेदारी मिलने के बाद गोण्डा के होनहार क्रिकेटर लक्ष्य रायचंदानी को बधाई और सम्मान देने का सिलसिला जारी है। इसी क्रम में लायंस क्लब गोण्डा सेवा के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने लक्ष्य के आवास पहुंचकर उनका भव्य सम्मान किया। खेल दिवस के अवसर पर क्लब की ओर से उन्हें स्मृतिचिह्न भेंट कर उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी गईं।
क्लब पदाधिकारियों ने लक्ष्य की उपलब्धि को गोण्डा के लिए गौरव का विषय बताते हुए कहा कि दृढ़ संकल्प, कड़ी मेहनत और निरंतर संघर्ष के दम पर लक्ष्य ने वह मुकाम हासिल किया है, जो जिले के लाखों युवाओं के लिए प्रेरणा है। उनकी प्रतिभा और मेहनत ने गोण्डा का नाम प्रदेश और देश ही नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी रोशन किया है।
उन्होंने कहा कि लक्ष्य आज जिले के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बन चुके हैं। उनकी उपलब्धि से प्रत्येक जिलेवासी गौरवान्वित है। लक्ष्य की सफलता यह संदेश देती है कि यदि लक्ष्य निर्धारित कर पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ मेहनत की जाए तो कोई भी मुकाम हासिल किया जा सकता है।

इस दौरान लायन अजय कुमार मित्तल, लायन राजकुमार जायसवाल, लायन चंद्रकेश मिश्रा, लायन अमित पांडे, लायन आलोक सिन्हा, लायन राजीव अग्रवाल, लायन नितिन वाधवानी और लायन मनीष धनकानी सहित क्लब के अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे। सभी ने लक्ष्य को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल क्रिकेट भविष्य की कामना की।
लक्ष्य के पिता राजेश रायचंदानी ने अपने पुत्र के संघर्ष और परिश्रम को साझा करते हुए बताया कि बचपन से ही लक्ष्य ने अपने नाम के अनुरूप जीवन का लक्ष्य निर्धारित कर लिया था। क्रिकेट के प्रति उनका जुनून और समर्पण बचपन से ही दिखाई देता था। उन्होंने लगातार मेहनत और अनुशासन के साथ क्रिकेट में आगे बढ़ने का प्रयास किया और हर चुनौती का डटकर सामना किया।
उन्होंने कहा कि लक्ष्य आने वाले दिनों में भी पूरी मेहनत और समर्पण के साथ देश का गौरव बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। लक्ष्य की उपलब्धि न सिर्फ उनके परिवार, बल्कि पूरे गोण्डा जिले के लिए गर्व और खुशी का क्षण है।




