हल्की बारिश में जलमग्न हो जाती है गल्ला मंडी, व्यापारी परेशान।

जरवलरोड ,संवाददाता
हल्की बारिश होते ही गल्ला मंडी जलभराव की चपेट में आ जाती है। जल निकासी की समुचित व्यवस्था न होने से मंडी में जगह-जगह पानी भर जाता है, जिससे दुकानदारों और ग्राहकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। व्यापारियों का कहना है कि जलभराव के कारण कारोबार पूरी तरह प्रभावित हो गया है और दुकानों पर सन्नाटा पसरा रहता है।
व्यापारियों ने बताया कि रक्षाबंधन जैसे प्रमुख त्योहार पर भी कई दुकानदारों की बोहनी तक नहीं हो सकी। मंडी में भरे पानी के कारण ग्राहक दुकानों तक पहुंचने से कतरा रहे हैं। व्यापारियों का आरोप है कि समस्या को लेकर कई बार जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों को अवगत कराया गया, लेकिन स्थायी समाधान के लिए अब तक कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया गया।
आलम यह है कि बारिश थमने के बाद भी कई घंटे तक मंडी में पानी जमा रहता है। गंदे पानी और कीचड़ के कारण आवागमन मुश्किल हो जाता है। इससे व्यापारियों के साथ-साथ आसपास के लोगों को भी परेशानी उठानी पड़ रही है।
समस्या के बारे में ग्राम प्रधान प्रतिनिधि मनोज कुमार ने बताया कि सफाई कर्मचारियों को भेजकर समय-समय पर नालियों की सफाई कराई जाती है। हालांकि, नाली से आगे पानी निकासी का रास्ता बंद होने के कारण समस्या बनी हुई है। उन्होंने कहा कि पानी निकासी का रास्ता खुलवाने के लिए जल्द प्रयास किया जाएगा।
व्यापार मंडल अध्यक्ष सतेंद्र कुमार शुक्ला ने कहा कि मंडी की समस्या को लेकर उच्च अधिकारियों से मुलाकात की जाएगी और जल्द स्थायी समाधान कराने का प्रयास होगा।

Related Articles

Back to top button