उत्तर प्रदेश आउटसोर्स सेवा निगम का शुभारम्भ कार्यक्रम सम्पन्न

आउटसोर्स भर्तियों में पारदर्शिता एवं युवाओं को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल

बदलता स्वरूप
सुलतानपुर। उत्तर प्रदेश आउटसोर्स सेवा निगम के शुभारम्भ के अवसर पर आज पं0 राम नरेश त्रिपाठी सभागार, सुलतानपुर में भव्य एवं गरिमापूर्ण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिलाध्यक्ष भाजपा सुशील त्रिपाठी तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में उ0प्र0 सहकारी बैंक के अध्यक्ष योगेन्द्र प्रताप सिंह, नगर पालिका अध्यक्ष प्रवीण अग्रवाल, जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह, मुख्य विकास अधिकारी विनय कुमार सिंह, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका लाल चन्द्र सरोज सहित विभिन्न विभागों के अधिकारीगण, आउटसोर्स कर्मी एवं जनसामान्य उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारम्भ मुख्य अतिथि एवं अन्य अतिथियों द्वारा माँ सरस्वती जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया। अधिशासी अधिकारी नगर पालिका द्वारा उपस्थित अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया गया।
इस अवसर पर सभागार में लखनऊ से मुख्यमंत्री द्वारा उत्तर प्रदेश आउटसोर्स सेवा निगम के शुभारम्भ कार्यक्रम का एलईडी स्क्रीन के माध्यम से सजीव प्रसारण किया गया। उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, आउटसोर्स कर्मियों एवं जनसामान्य ने मुख्यमंत्री के उद्बोधन एवं कार्यक्रम का सजीव प्रसारण देखा एवं सुना।
तदोपरान्त अतिथियों द्वारा मातृत्व शिशु एवं बालिका मदद योजना के अन्तर्गत पात्र लाभार्थियों ज्योति, सोनम, जगन्नाथ, पंकज, हौंसिला एवं मिथिलेश सहित अन्य लाभार्थियों को प्रतीकात्मक रूप से डेमो चेक वितरित किये गये। इसके साथ ही लाभार्थी हिमांशु, अर्जुन, श्याम, मंसूर, अरविन्द, घनश्याम, गणेश एवं रवि सहित अन्य लाभार्थियों को पीपीई किट का वितरण किया गया। योजना का लाभ प्राप्त कर लाभार्थियों के चेहरे पर प्रसन्नता एवं संतोष दिखाई दिया।
कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए नगर पालिका अध्यक्ष ने उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा आउटसोर्स कर्मियों के हित में उठाये गये इस महत्वपूर्ण कदम की सराहना की। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश आउटसोर्स सेवा निगम के माध्यम से आउटसोर्स कर्मियों की भर्ती एवं सेवाओं से संबंधित व्यवस्थाओं में अधिक पारदर्शिता एवं सुव्यवस्था स्थापित होने की उम्मीद है। उन्होंने उपस्थित आउटसोर्स कर्मियों को शासन की इस पहल से मिलने वाले संभावित लाभों की जानकारी प्रदान करते हुए उन्हें अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा एवं जिम्मेदारी के साथ करने के लिए प्रेरित किया।


मुख्य अतिथि जिलाध्यक्ष भाजपा द्वारा उपस्थित आउटसोर्स कर्मियों एवं जनसामान्य को सम्बोधित करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार युवाओं, महिलाओं, श्रमिकों तथा समाज के सभी वर्गों के कल्याण एवं उन्हें बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए निरन्तर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश आउटसोर्स सेवा निगम की स्थापना आउटसोर्स व्यवस्था को अधिक पारदर्शी, व्यवस्थित एवं प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इसके माध्यम से आउटसोर्स भर्तियों में पारदर्शिता को और अधिक मजबूत करने तथा योग्य अभ्यर्थियों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने में सहायता मिलेगी।उन्होंने प्रदेश सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी एवं रोजगारपरक योजनाओं की जानकारी भी उपस्थित लोगों को दी तथा कहा कि सरकार की योजनाओं का उद्देश्य समाज के प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक उसका लाभ पहुंचाना है। उन्होंने जनसामान्य से आह्वान किया कि वे स्वयं शासन की योजनाओं का लाभ प्राप्त करने के साथ-साथ अपने आसपास रहने वाले पात्र लोगों को भी योजनाओं के प्रति जागरूक करें और उन्हें लाभ प्राप्त करने में सहयोग प्रदान करें।
कार्यक्रम में उपस्थित जिलाधिकारी एवं मुख्य विकास अधिकारी सहित अन्य अधिकारियों द्वारा भी उत्तर प्रदेश आउटसोर्स सेवा निगम के शुभारम्भ को महत्वपूर्ण पहल बताते हुए शासन की मंशा के अनुरूप पारदर्शी एवं व्यवस्थित व्यवस्था सुनिश्चित करने पर बल दिया गया। अधिकारियों ने कहा कि शासन की योजनाओं एवं नीतियों का प्रभावी क्रियान्वयन करते हुए पात्र व्यक्तियों तक उनका लाभ पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है।
कार्यक्रम के माध्यम से उपस्थित आउटसोर्स कर्मियों एवं जनसामान्य को उत्तर प्रदेश आउटसोर्स सेवा निगम की स्थापना के उद्देश्य एवं इससे संबंधित व्यवस्थाओं की जानकारी प्राप्त हुई। उपस्थित लोगों ने प्रदेश सरकार की इस पहल का स्वागत करते हुए इसे आउटसोर्स व्यवस्था में पारदर्शिता एवं बेहतर प्रबंधन की दिशा में उपयोगी कदम बताया।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर अधिशासी अधिकारी नगर पालिका द्वारा उपस्थित सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया गया। उन्होंने सभी अतिथियों को स्मृति चिन्ह के रूप में पौधा प्रदान कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया। इसके उपरान्त धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कार्यक्रम के समापन की घोषणा की गयी।

Related Articles

Back to top button